बैंक लाॅकर से पूर्व मंत्री की पत्नी के एक करोड़ के जेवरात गायब
ग्वालियर, 8 फरवरी। पूर्व मंत्री बालेंदु शुक्ला के लॉकर से एक करोड़ से ज्यादा के गहने चोरी हो गए हैं। बालेंदु शुक्ला के मुताबिक ये चोरी कई महीने पहले हुई होगी, उन्हें इस बारे में जानकारी अब मिली है। उन्होंने पुलिस को बताया कि बैंक मैनेजर इस मामले से पल्ला झाड़ रहे हैं।
गौरतलब हो कि बालेंदु शुक्ला मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री रहे और एक समय माधवराव सिंधिया के खास सिपह सालार माने जाते रहे। उनकी पत्नी ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में लॉकर ले रखा है। बालेंदु शुक्ला के अनुसार लॉकर में रखे एक करोड़ से ज्यादा के पुराने और नए गहने गायब हैं। उन्होंने गहने 2020 के फरवरी माह में चेक किए थे, उसके बाद कोरोना संक्रमण के चलते सब बंद था, उन्होंने अब लॉकर चेक किया तो उनके होश उड़ गए।लॉकर में रखे एक करोड़ के गहने गायब थे। पूर्व मंत्री ने इसकी शिकायत बैंक प्रबंधन से की तो बैंक प्रबंधन ने मामले से पल्ला झाड़ लिया, इसके बाद उन्होंने पुलिस से मामले की शिकायत की है। पुलिस अधीक्षक ग्वालियर अमित सांघी ने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है और जल्द पता लगा लिया जाएगा।
