सीजी न्यूज ऑनलाइन 19 अक्टूबर । Maa Mahamaya Airport: वर्चुअल माध्यम से पीएम मोदी रविवार को अंबिकापुर के महामाया एयरपोर्ट का शुभारंभ करेंगे। राज्य के डेप्युटी सीएम अरुण साव ने कहा कि यह प्रदेश के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि यह एयर कनेक्टिविटी की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। महामाया एयरपोर्ट की लंबे समय से मांग हो रही थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में नए एयरपोर्ट का शुभारंभ करेंगे। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव के मुताबिक इससे प्रदेश प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 अक्टूबर को अंबिकापुर में मां महामाया एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। यह एयर कनेक्टिविटी की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि होगी, जिससे छत्तीसगढ़ को और अधिक विकास की राह पर ले जाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए चाहे सड़क मार्ग हो या वायु मार्ग, हम लगातार इस दिशा में काम कर रहे हैं। कल (रविवार) का दिन छत्तीसगढ़ के लिए एक और बड़ी उपलब्धि लेकर आएगा। एयरपोर्ट के शुभारंभ को राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय लोगों को यात्रा करने में आसानी होगी।
365 एकड़ में फैला है एयरपोर्ट
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी रविवार को वर्चुअल माध्यम से अंबिकापुर के मां महामाया एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केन्द्रीय उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू सहित अन्य मंत्री भी उपस्थित होंगे। उद्घाटन की तैयारी अब अंतिम चरण में चल रही है। हवाई पट्टी अंबिकापुर शहर से 13 किमी की दूरी पर दरिमा ग्राम में स्थित है। इसका पूरा क्षेत्रफल 365 एकड़ है और यह हवाई पट्टी समुद्र तल से 1924 फीट की ऊंचाई पर है।
लोकार्पण कार्यक्रम का मिनट टू मिनट विवरण
मां महामाया एयरपोर्ट अम्बिकापुर लोकार्पण समारोह हेतु मिनट टू मिनट कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के एयरपोर्ट आगमन पश्चात दोपहर 03:05 से 03:15 बजे तक एयरपोर्ट का भ्रमण एवं अवलोकन किया जाएगा। तत्पश्चात स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वागत एवं भेंट, दोपहर 03:20 से 03:25 बजे तक मंच पर आगमन एवं दीप प्रज्ज्वलन, दोपहर 03:30 से 03:35 बजे तक स्वागत उद्बोधन, 03:35 से सायं 04:00 बजे तक अतिथियों का उद्बोधन होगा। सायं 04:00 बजे से वाराणसी से लाइव प्रसारण की शुरुआत होगी, 04:05 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों से मां महामाया एयरपोर्ट का शुभारंभ होगा तथा 04:05 से 04:20 बजे तक प्रधानमंत्री का उद्बोधन होगा। सायं 04:20 से 04:25 बजे तक अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदाय के बाद आभार प्रदर्शन किया जाएगा।

