पावर हाउस में बनेगा मल्टीस्टोरी पार्किंग, भिलाई चेम्बर की मांग पर शासन ने बीएसपी को दिये आवश्यक कार्यवाही के निर्देश
भिलाई नगर 9 फरवरी । दुर्ग जिले के पुराने एवं व्यस्ततम बाजारों में से एक पावर हाउस मार्केट में बहुप्रतीक्षित मल्टीस्टोरी पार्किंग की मांग जल्द ही पूरी होने वाली है। चेम्बर प्रदेश महामंत्री अजय भसीन एवं भिलाई चेम्बर के अध्यक्ष गारगी शंकर मिश्र द्वारा मुख्यमंत्री जनचौपाल के दौरान इस पर पहल करने की मांग की थी। जिस पर शासन द्वारा भिलाई नगर निगम को उचित कार्यवाही करने पत्र लिखा जा चुका है। श्री भसीन ने बताया कि इस संबंध में निगम ने उक्त स्थल के बीएसपी के आधिपत्य होने के चलते अनापत्ति प्रमाण पत्र प्रदान करने प्रेषित किया है। अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी होते ही निर्माण संबंधी अग्रिम कार्यवाही शुरू की जाएगी।

भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गारगी शंकर मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि पावर हाउस मार्केट दुर्ग जिले के पुराने एवं व्यस्ततम बाजारों में से एक है। यहां रोजाना हजारों की संख्या में लोगों का आवागमन होता है, जिससे यहां पार्किंग की समस्या हमेशा बनी रहती है। इस संबंध में पूर्व में मुख्यमंत्री जनचौपाल में आवेदन कर पुराना रोजगार कार्यालय परिसर में मल्टीस्टोरी पार्किंग के निर्माण की मांग की गई थी। जिस पर पहल करते हुए शासन द्वारा निगम को निर्माण संबंध अग्रिम कार्यवाही करने निर्देश जारी किये जा चुके हैं। श्री मिश्र ने बताया कि उक्त स्थल बीएसपी के आधिपत्य में आता है इसलिए निगम द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने पत्र प्रेषित किया गया है। एनओसी जारी होते ही अग्रिम कार्यवाही शुरू की जाएगी। श्री मिश्र ने चेम्बर की मांग पर पहल करने हेतु मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।

