सीजी न्यूज ऑनलाइन, 02 अक्टूबर। न्याय यात्रा के समापन मौके पर सभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की टिप्पणी पर उस वक्त जमकर ठहाका लगा जब उन्होंने दीपक बैज को दीपक बघेल कह दिया। डॉ. महंत यही नहीं रूके उन्होंने कहा- आप लोग दीपक
बघेल का हौसला बढ़ाते रहें…।
डॉ. महंत ने कार्यकर्ताओं की हँसी को देखकर पूछ लिया कि आप लोग हँस क्यों रहे हो? फिर उन्होंने दीपक बैज की तरफ इशारा करते हुए कहा कि ये दीपक महंत भी हैं और दीपक सिंहदेव भी हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने इशारों-इशारों में कह दिया कि उन्हें बैज को सबका समर्थन है। आमसभा में उन्होंने साय सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि प्रदेश में विष्णुदेव साय का कुशासन चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 9 महीने में ही अपराध बढ़ गए हैं। छत्तीसगढ़ का माहौल बिगड़ गया है। ये अन्याय करने वाली भाजपा की सरकार है। भाजपा सरकार में किसी की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। हम लोग गांधीवादी तरीके से लड़ेंगे।
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने भी भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इस यात्रा से भाजपा घबराई हुई है। सभा को सचिन पायलट, टीएस सिंहदेव और अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

