बुलेरो-कार भिड़ंत में मां-बेटी और भतीजा समेत चार की मौत, घायलों को निकालने वाहनों को काटा गया
सीतापुर, 14 फरवरी। यूपी के सीतापुर में आज सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। महमूदाबाद-सिधौली सिंगल मार्ग पर बोलेरो और कार में भीषण टक्कर हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों गाड़ियों में सवार लोग फस गए थे। सभी घायलों को वाहनों को काट कर बाहर निकाला और एंबुलेंस से महमूदाबाद सीएचसी भेजा जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक में मां-बेटी और दो अन्य हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जांच-पड़ताल की जा रही है।
महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के भेथरा माधव निवासी सुरजीत यादव (24 वर्ष) आज सुबह बोलेरो से महमूदाबाद आ रहा था। जैसी ही वह धन्नीपुरवा गांव के पास पहुंचा सिधौली की तरफ जा रही ऑल्टो कार से आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही दोनों गाड़ियां एक-दूसरे में चिपक गईं। आधे घंटे तक सभी गाड़ियों में ही फंसे रहे। हादसे की जानकारी राहगीरों ने पुलिस को दी।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों गाड़ियों के गेट काटकर घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से महमूदाबाद हास्पिटल में भर्ती कराया। ऑल्टो कार सवार अजीत सिंह (35 वर्ष) सीमा सिंह (35 वर्ष), रजनी सिंह (13 वर्ष) और बोलेरो ड्राइवर सुरजीत यादव (24 वर्ष) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा ओवरटेक के चक्कर में हुआ। ऑल्टो कार की रफ्तार काफी तेज थी।
बताया जा रहा है कि कमलापुर थाना क्षेत्र के हमीरपुर गांव निवासी सीमा सिंह अपने भतीजे अजीत सिंह और बेटी रजनी सिंह के साथ किसी कार्यक्रम में गोंडा गई थी। आज सुबह वहीं से वापस लौटने के दौरान यह हादसा हुआ। ऑल्टो कार सीमा सिंह का भतीजा अजीत सिंह चला रहा था।

