बीएमओ सहित 7 मेडिकल अफसर को कारण बताओं नोटिस, ड्यूटी से बिना अनुमति नदारद डॉक्टरों पर कार्रवाई की चेतावनी दी कमिश्नर ने

बीएमओ सहित 7 मेडिकल अफसर को कारण बताओं नोटिस, ड्यूटी से बिना अनुमति नदारद डॉक्टरों पर कार्रवाई की चेतावनी दी कमिश्नर ने


सीजी न्यूज ऑनलाइन 25 सितंबर। संभागायुक्त डॉ. महादेव कावरे ने कोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान ड्यूटी से बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए बीएमओ डॉ. एन. गुप्ता सहित 7 चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह निरीक्षण 21 सितंबर को किया गया था, जिसमें इन सभी डॉक्टरों की गैरहाजिरी पाई गई। सभी को पत्र प्राप्ति के 5 दिनों के भीतर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) बिलासपुर के माध्यम से जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

जिन चिकित्सकों को नोटिस जारी हुआ है, उनमें बीएमओ डॉ. एन. गुप्ता के अलावा डॉ. ए. साय, डॉ. पी. जोगी, डॉ. आर. सैमुअल, डॉ. ए. झा, डॉ. आर. तिवारी और डॉ. एस. पुनिया शामिल हैं। नोटिस में कहा गया है कि कोटा विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में डायरिया, मलेरिया और डेंगू के संभावित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मौसमी बीमारियों की रोकथाम और बेहतर इलाज के लिए प्रशासन हरसंभव प्रयास कर रहा है। ऐसे में इन डॉक्टरों का अपने कर्तव्य से अनुपस्थित रहना मरीजों के इलाज में बाधा उत्पन्न कर रहा है, जिससे उन्हें स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

संभागायुक्त ने इसे चिकित्सकीय कर्तव्यों के प्रति गंभीर लापरवाही बताते हुए इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-3 का उल्लंघन बताया है। साथ ही, छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है। यदि नियत समय में जवाब नहीं मिलता है, तो एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।