चारा घोटाले के पांचवें केस में भी लालू यादव दोषी-डोरंडा ट्रेजरी मामले में हिरासत में लिए गए, छः दिन बाद सजा का ऐलान
।
रांची, 15 फरवरी। आज 950 करोड़ रुपए के देश के बहुचर्चित चारा घोटाले के सबसे बड़े (डोरंडा ट्रेजरी से 139.35 करोड़ रुपए के गबन) केस में फैसला आ गया है। सीबीआई की विशेष अदालत ने आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव सहित 75 आरोपियों को दोषी करार दिया है और 24 लोगों को बरी कर दिया गया है। सजा का ऐलान 21 फरवरी को होगा। लालू को कोर्ट की ओर से दोषी करार देते ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके बाद उनके वकील ने जेल न भेजकर रिम्स में भेजने के लिए आवेदन दिया है। इस पर कोर्ट दोपहर दो बजे के बाद सुनवाई करेगा।
आज जैसे ही आरजेडी सुप्रीमो के दोषी करार देने की सूचना बाहर आई पटना से लेकर रांची तक उनके समर्थकों में मायूसी छा गई। कोर्ट परिसर आरजेडी नेताओं से पटा है। पुलिस का पहरा सख्त कर दिया गया है। इस मामले में तीन साल से कम वालों को सजा सुना दी गई जबकि लालू सहित 10 लोगों की सजा अलग से सुनाई जाएगी। ऐसे में यह माना जा रहा है लालू को 3 साल से अधिक की सजा हो सकती है।
हाईकोर्ट के वकीलों के अनुसार लालू यादव के क्वेश्चन ऑफ सेंटेंस पर 21 फरवरी को फैसला होगा। मेडिकल टर्म पर उन्हें रिम्स शिफ्ट करने की बात हो रही है। इससे पहले चारा घोटाले के 4 मामले (देवघर के एक, दुमका ट्रेजरी के दो अलग अलग और चाईबासा ट्रेजरी से संबंधित दो मामलों में) लालू दोषी करार दिए जा चुके हैं। अभी पहले के सभी मामलों में वो जमानत पर बाहर थे लेकिन आज कोर्ट के आए फैसले से उन्हें एक बार फिर जेल जाना होगा।

