भिलाई नगर 24 सितंबर। भारतीय सांस्कृतिक निधि (इंटैक) के सौजन्य से दुर्ग–भिलाई चैप्टर द्वारा विरासत तथा उनके संरक्षण को लेकर एक परिचर्चा तथा शालेय विधार्थियों के लिए राष्ट्रीय विरासत क्विज का दुर्ग–भिलाई चैप्टर स्तरीय आयोजन संपन्न हुआ। इस पर परिचर्चा में मुख्य अतिथि पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय समन्वयक डॉ डी एन शर्मा ने कहा कि विरासत का संरक्षण की जिम्मेदारी हर नागरिक की है l प्राकृतिक विरासत व हमारे पूर्वजों द्वारा सौंपी गई मानव निर्मित विरासत के संरक्षण में युवाओं की भूमिका अहम है l उन्होंने उन्होंने कहा कि यदि हम कुछ भी नहीं कर सकते हैं तो कम से कम एक पेड़ लगाकर उसे पूरा वृक्ष बना दें तो हम प्राकृतिक विरासत के संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकेंगे।

संगोष्ठी में धमधा में तालाबों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने वाले युवा गोविंद पटेल ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में विद्यार्थियों से चर्चा की l उन्होंने कहा कि धमघा शहर में दशकों पूर्व 126 तालाब थे लेकिन अब अतिक्रमण के कारण अधिकतर या तो खेत बन गए हैं या उन पर मकान बन गए हैं l उन्होंने बताया कि जागरुक साथियों ने राजस्व विभाग की मदद से पुराने तालाबों को चिन्हांकन किया और कुछ तालाबों को अतिक्रमण से जिला प्रशासन के सहयोग से मुक्त कराया l ऐसे कुछ तालाबों का पुनरुद्धार जन सहयोग से किया जा रहा है l

दुर्ग भिलाई चैप्टर की संयोजिका डॉ हंसा शुक्ला ने अतिथियों व प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए क्विज का संचालन किया। उन्होंने लोकगीत–संगीत व लोक परंपराओं जैसी सांस्कृतिक विरासतों के संरक्षण तथा अभिलेखिकरण पर बल दिया। क्विज के प्रथम चरण में 8 विद्यालयों के 76 विधार्थियों में से लिखित परीक्षा से प्रविण्यता के आधार पर चार टीमों का चयन मौखिक चरण के लिए किया गया। मौखिक चरण में आयोजित क्विज में प्रथम स्थान पर शंकाराचार्य विद्यालय हुडको के यश कुमार कश्यप व रियांस कुमार की टीम रही । दूसरे स्थान पर डीपीएस भिलाई व तीसरे स्थान पर केपीएस नेहरूनगर की टीम रही । अंत में अतिथियों विजेताओं को पुरस्कार व प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए गए। इस अवसर पर पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी रजनी नरेशन स्वयंसिद्दा की अध्यक्ष डॉ सोनाली चक्रवर्ती, सामाजिक कार्यकर्ता बी पोलम्मा, इंटेक की सह संयोज़िका विद्या गुप्ता, कांतिभाई सोलंकी और विभिन्न स्कूलों के शिक्षक भी उपस्थित रहे ।

