बोनस 2024-25 : एनजेसीएस की पहली बैठक 1 अक्टूबर को, पिछले फार्मूले में परिवर्तन को लेकर कल संयुक्त ट्रेड यूनियन का प्रदर्शन, ठेका श्रमिक को भी मिले बोनस, यूनियन ने बुलंद की आवाज

बोनस 2024-25 : एनजेसीएस की पहली बैठक 1 अक्टूबर को, पिछले फार्मूले में परिवर्तन को लेकर कल संयुक्त ट्रेड यूनियन का प्रदर्शन, ठेका श्रमिक को भी मिले बोनस, यूनियन ने बुलंद की आवाज


भिलाई नगर 18 सितंबर । सेल कर्मचारियों के सालाना बोनस निर्धारण के लिए सेल प्रबंधन के द्वारा 1 अक्टूबर को नेशनल जॉइंट कमेटी फॉर स्टील एनजेसीएस की बैठक आयोजित की गई है। जबकि सभी यूनियन पिछले वर्ष प्रबंधन द्वारा दिए गए बोनस से असंतुष्ट हैं और टकराव की स्थिति में है। भिलाई के संयुक्त ट्रेड यूनियन के द्वारा बोनस फार्मूले में बदलाव को लेकर कल बोरिया गेट में प्रदर्शन भी किया जाएगा। संयुक्त ट्रेड यूनियन भिलाई के द्वारा कल किए जा रहे हैं प्रदर्शन के माध्यम से प्रबंधन को एक तरह से मैसेज भी देने का प्रयास भी किया जा रहा है कि गत वर्ष बोनस को लेकर की गई गणना से कर्मचारी वर्ग संतुष्ट नहीं है इसलिए नए सिरे से गणना की जानी चाहिए। ताकि कर्मचारी वर्ग को अधिक से अधिक लाभ प्राप्त हो सके।

Oplus_131072

सेल प्रबंधन के द्वारा वर्ष 2024-25 में त्योहार के पूर्व बोनस को लेकर के 1 अक्टूबर को एनजेसीएस के यूनियन प्रतिनिधियों के साथ नई दिल्ली में बैठक का आयोजन किया गया है। ताकि समूचे सेल कर्मचारियों को इस वर्ष का बोनस वितरित किया जा सके।

बोनस गणना का आधार हो कम से कम 50000

हिंदुस्तान स्टील एंप्लाइज यूनियन सीटू छत्तीसगढ़ के कार्यकारी अध्यक्ष एवं वरिष्ठ यूनियन नेता एसपी डे ने कहा कि विगत वर्ष बोनस की गलत गणना के कारण कर्मचारी वर्ग का नुकसान हुआ था इसलिए इस बार जो भी फार्मूला हो उसके गणना का आधार कम से कम 50000 होना चाहिए। पिछले वर्ष गणना का आधार 40000 था इसलिए कर्मचारियों को नुकसान सहना करना पड़ा है इस बार हमारी मांग है की गणना का आधार केवल और केवल 50000 कम से कम होना चाहिए।

बोनस गणना फार्मूला में हो परिवर्तन

इंटक महासचिव वंश बहादुर सिंह ने कहा कि इस वर्ष बोनस गणना के फार्मूले में बदलाव अति आवश्यक है। क्योंकि पिछले वर्ष जिस प्रकार से गणना की गई थी। उसके कारण कर्मचारियों को नुकसान हुआ है। इसलिए सभी ट्रेड यूनियन एवं कर्मचारी इस वर्ष ज्यादा बोनस प्राप्त हो इसके लिए प्रयासरत है।

बीएसपी के ठेका श्रमिकों को दीपावली पूर्व 20% बोनस का हो भुगतान

स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक के प्रतिनिधि मंडल ने भिलाई इस्पात संयंत्र के महाप्रबंधक औद्योगिक संबंध एवं ठेका प्रकोष्ठ विकास चंद्रा को ठेका श्रमिकों को दीपावली पूर्व न्यूनतम वेतन का 20% बोनस भुगतान के लिए निदेशक प्रभारी भिलाई इस्पात संयंत्र के नाम से ज्ञापन सौपा एवं बैठक की।


स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक के अध्यक्ष संजय कुमार साहू ने महाप्रबंधक विकास चंद्रा से मांग की भिलाई इस्पात संयंत्र में ठेका श्रमिक नियमित कर्मचारियों के साथ स्थाई प्रकृति के कार्यों से लेकर साफ सफाई तक के कार्य कर रहे हैं एवं ठेका श्रमिकों की संख्या नियमित कर्मचारियों से दुगना 22000 के लगभग हो गई है एवं ठेका श्रमिक स्थाई प्रकृति के कार्य करते हुए सीधे उत्पादन एवं रखरखाव और लाभार्जन से जुड़े हैं उनकी सहभागिता को देखते हुए बोनस भुगतान अधिनियम 1965 के तहत अधिकतम 20% बोनस दीपावली पूर्व प्रदान किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए की सभी ठेका श्रमिकों को उनका पूरा बोनस मिले एवं शिकायत पर कार्रवाई हो जिससे कि ठेका श्रमिकों का मनोबल ऊंचा रहे और औद्योगिक शांति बनी रहे।
ठेका श्रमिक सीधे उत्पादन का कार्य कर रहे हैं इसलिए न्यूनतम के स्थान पर 20% बोनस की राशि दी जाए। वर्तमान में वर्तमान वेतन का ठेका श्रमिकों को न्यूनतम 8.33% अकुशल श्रमिक को 10900 रुपए एवं अर्ध कुशल श्रमिक को 11550 रुपए एवं कुशल श्रमिक को 12350 रुपए और अति कुशल श्रमिक को 13110 रुपए न्यूनतम बोनस मिलना चाहिए। जो ठेका श्रमिक न्यूनतम 30 दिन से अधिक किसी संस्थान में कार्य करते हैं उन्हें बोनस पाने का अधिकार है।

एच एस एल टी ठेका श्रमिकों का जल्द हो केवाईसी

बीएसपी में कार्यरत ठेका श्रमिक जिनका सीपीएफ भिलाई इस्पात संयंत्र से कटता है और वर्तमान में वह कार्य कर रहे हैं एवं सेवानिवृत हो चुके एच एस एल टी ठेका श्रमिकों का केवाईसी नहीं होने के कारण उन्हें अभी तक पेंशन की राशि प्राप्त नहीं हो रही है इस पर जल्द कार्यवाही करते हुए उनकी केवाईसी की जाए जिससे कि उनको पेंशन का भुगतान सुनिश्चित हो।
महाप्रबंधक विकास चंद्रा बताया कि बीएसपी के ठेका श्रमिकों की समस्या में सुधार को लेकर अनेक कार्य किया जा रहे हैं और बोनस के संबंध में दीपावली पूर्व निर्धारित बोनस देने के लिए सर्कुलर जारी कर दिया गया है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी ठेका श्रमिकों को दीपावली पूर्व निर्धारित बोनस मिले जहां पर इसकी शिकायत आएगी उसे संबंध में कार्रवाई की जाएगी। एवं एचएसएलटी ठेका श्रमिकों के केवाईसी के लिए कैंप लगाकर सुधार किया जा रहा है एवं आरपीएफसी कमिश्नर रायपुर से भी बैठक किया गया है जल्द ही सेवानिवृत्ति एचएसएलटी ठेका श्रमिकों का केवाईसी भी किया जाएगा। बैठक में प्रबंधन की ओर से निवेश विजयन वरिष्ठ प्रबंधक ठेका प्रकोष्ठ एवं इंटक यूनियन की ओर से संजय कुमार साहू सीपी वर्मा दीनानाथ सिंह सार्वा गुरुदेव साहू जसबीर सिंह उपस्थित थे।