दुर्ग संभाग की खबर : साइबर फ्रॉड का दुबई तक कनेक्शन, सिंगापुर से लौटते ही केरल से अंतर्राष्ट्रीय ठग गिरफ्तार, शेयर ट्रेडिंग के नाम बिछा रखा धोखाधड़ी का जाल

दुर्ग संभाग की खबर : साइबर फ्रॉड का दुबई तक कनेक्शन, सिंगापुर से लौटते ही केरल से अंतर्राष्ट्रीय ठग गिरफ्तार, शेयर ट्रेडिंग के नाम बिछा रखा धोखाधड़ी का जाल


सीजी न्यूज ऑनलाइन 13 सितंबर । शेयर ट्रेडिंग के नाम से ठगी करने वाले अंतर्राष्ट्रीय ठग केरल के मल्लापुरम फरुवट कुंड पैरावेट्टी हाउस नृवतुर निवासी सहल शाह पिता सहूल हमीद को पुलिस सिंगापुर से लौटते ही केरल से गिरफ्तार कर राजनांदगांव ले आयी है। आरोपित के पास से पुलिस ने बैंक खाता, एटीएम कार्ड व मोबाइल फोन जप्त किया है। गुरुवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुलदेव शर्मा ने पत्रकारवार्ता लेकर साइबर फ्राड के मामले का राजफाश किया। बताया कि आरोपितों द्वारा वेबसाइट लिंक (https www.triponfinance.com) में ट्रेडिंग के नाम पर तीन करोड़ 40 लाख 95 हजार रूपये की ठगी की है। अंतर्राष्ट्रीय ठग का कनेक्शन सिंगापुर व दुबई तक है। एएसपी राहुलदेव ने बताया कि एक ठग दुबई से केरल पहुंचा है, जिसकी पता तलाश के लिए बसंतपुर पुलिस और साइबर सेल की एक टीम केरल में ही है। जल्द ही साइबर फ्राड के अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

व्यवसायी ने की थी शिकायत

शहर के व्यवसायी राहुल जैन ने बीते 17 अगस्त को बसंतपुर थाना में साइबर ठगी का शिकार होने की शिकायत की थी। उसके साथ ठग ने तीन करोड़ 40 लाख 85 हजार रुपये की ठगी की है, जिसमें से 57 लाख 32 हजार 277 रुपये को होल्ड कराया गया है। शिकायत पर पुलिस अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपित ठग इंटरनेट मीडिया ग्रुप के माध्यम से संपर्क कर शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ का लालच देकर वेबसाइड लिंक के ट्रेडिंग एप डाउनलोड करवाकर धोखाधड़ी कर रहे हैं। ठगी के रूपये को अलग-अलग बैंक खातों में जमाकर उस राशि को आरटीजीएस, एनइएफटी के जरिये अपने साथियों के बैंक खाता में ट्रांसफर करते थे। बाद में ठगी की राशि को केरल राज्य के अन्य जिलों में एटीएम व चेक के माध्यम से निकाल लेते थे। पीड़ित व्यवसायी से ठगी कर लिए रुपये में से 60 लाख रुपये को डेबिड कार्ड की मदद से दुबई में विड्राल किया है।

अलग-अलग राज्यों में ट्रांसफर की ठगी की राशि

एएसपी राहुलदेव ने बताया कि आरोपित ठगों के बैंक डिटेल निकाला गया है, जिसमें आरोपितों द्वारा ठगी के रूपये को आठ विभिन्न बैंक खातों मे प्राप्त कर अपने साथियों के बैंक खाता केरल, उत्तरप्रदेश, असम व अन्य राज्यों में ट्रांसफर कर केरल राज्य के कई जिलों मे निकालते थे। दस्तावेज और मोबाइल नंबर के आधार पर बसंतपुर पुलिस और साइबर सेल की टीम को केरल भेजा गया, जहां ठग द्वारा उपयोग किए बैंक खाते की जांच की गई। इसमें पता चला कि सबसे पहले आवेदक के बैंक खाते से मुख्य आरोपित के बैंक खाते में आरटीजीएस के माध्यम से सात लाख 30 हजार रुपये ट्रांसफर किया। जिसे सहयागी आरोपित सहल शाह व उसके दोस्तों के बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया। बाद में आरोपित सहल ने एटीएम से रुपये निकला था।

दुबई से लौटे ठग की तलाश में पुलिस

पुलिस ने बताया कि आरोपित ठग सहल शाह को बीते दस सितंबर को गिरफ्तार न्यायालय पेरिथल मनना केरल में पेशकर ट्रांजिट रिमांड लेकर गुरुवार को राजनांदगांव लाया गया। सहल सिंगापुर से अपने घर केरल आया था। एएसपी ने बताया कि ठगी का एक आरोपित दुबई से केरल पहुंचा है, जिसकी पता तलाश में साइबर सेल की एक टीम अभी भी केरल में है। जल्द ही इस साइबर फ्राड़ के मामले से जुड़े अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।