*रिसाली में देर रात दो भाइयों पर हमला, एक आईसीयू में, जुर्म दर्ज*

*रिसाली में देर रात दो भाइयों पर हमला, एक आईसीयू में, जुर्म दर्ज*


रिसाली में देर रात दो भाइयों पर हमला, एक आईसीयू में, जुर्म दर्ज 

भिलाई नगर, 21 फरवरी। शनिवार की रात रिसाली क्षेत्र में दो भाइयों से कुछ लोगों ने जमकर मारपीट की है। इस घटना में घायल छोटे भाई का अब भी आईसीयू में उपचार जारी है। मामले की रिपोर्ट पर नेवई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।

पुलिस ने बताया कि छाया गार्डन के समीप प्रगति नगर निवासी 26 वर्षीय प्रियश मालवीय बी टेक की पढ़ाई कर प्रतियोगिता परीक्षा की तैयार कर रहा है। शनिवार को उसका छोटा भाई प्रणय अपने दोस्त आकाश पाण्डेय के साथ शादी कार्यक्रम में कृष्णा टाकिज रोड रिसाली गया था। वहां से वापस आते समय छाया गार्डन प्रगति नगर रिसाली में आकाश के घर पास दोनों रात्रि 11 बजे खड़े थे तभी वहां विनय यादव, लाल तथा उनके अन्य साथी आए और प्रणय से गाली गलौज करने लगे। आकाश ने प्रियश को फोन कर बताया कि प्रणय को कुछ लड़के मार रहे हैं। प्रियश तत्काल वहां पहुंचा और देखा कि विनय, लाल और उनके साथी हाथ में चाकू जैसे हथियार, राड एवं पत्थर से प्रणय को मार रहे हैं। प्रियश बीच बचाव करने लगा तो उसे भी मारने लगे। 

प्रणय की पीठ, पेट, माथा, सिर में तथा प्रियश के बांए पैर, आंख एवं सिर में चोट आई है। मारपीट से प्रणय खून से लथपथ हो गया तो आरोपी भाग गए। प्रियश और आकाश घायल प्रणय को देर रात पल्स अस्पताल नेहरू नगर ईलाज हेतु लेकर गए जहां उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। प्रियश ने ईलाज बाद कल थाना पहुँच रिपोर्ट दर्ज करवायी है। नेवई पुलिस धारा 294, 323, 34, 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना कर रही है।