सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 29 अगस्त। भिलाई-3 में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरुद्ध पुलिस द्वारा अपराधिक प्रकरण दर्ज करने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखा है जिसमें उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज की गहन एवं निष्पक्ष जांच करने तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओ पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की है। पत्र में मुख्यमंत्री से यह भी आग्रह किया गया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त निर्देश जारी किए जाएं।

पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री ने पुलिस की कार्रवाई को बर्बरता पूर्ण बताते हुए कहा है कि वे इस कार्रवाई से दुखी हैं साथ ही प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था से चिंतित भी हैं । उन्होंने पूरे घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए बताया है कि 24 अगस्त को उनके काफिले को रोकने की घटना उनकी सुरक्षा में एक बड़ी सेंध थी। दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 27अगस्त को विरोध प्रदर्शन किया जाना था जिसके संबंध में 25 अगस्त को ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा एसडीएम को पत्र लिखकर सूचना दी गई थी। पत्र में लिखा गया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार संविधान द्वारा संरक्षित मौलिक अधिकार है।

पत्र में सवाल उठाया गया है कि पुलिस द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज करने हेतु कानून अनुसार क्या मजिस्ट्रेट द्वारा आदेशित किया गया था? पुलिस को यह अधिकार नहीं है कि वह बल का प्रयोग शांतिपूर्ण प्रदर्शन को कुचलने के लिए करें। पत्र में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में साफ दिखाई पड़ता है कि पुलिस का उद्देश्य कुछ और था।पुलिस ने बिना किसी सूचना या उकसावे के लाठी चार्ज किया फिर उल्टे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज किया गया है। यह पूर्ण रूप से विधि विपरीत है।

