सीजी न्यूज ऑनलाइन 27 अगस्त । शहर के झूलेलाल वार्ड 41 के पार्षद राजेश गुप्ता ने महापौर परिषद के पद से इस्तीफा दे दिया है। पार्षद राजेश ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा को अपना इस्तीफा भेजा है, जिसमें उन्होंने महापौर हेमा देशमुख पर आरोप तक लगाया है। पार्षद राजेश नगर निगम में महापौर परिषद में विधि व सामान्य प्रशासन के चेयरमैन के पद पर थे। बता दें कि बीते दिनों पार्षद राजेश गुप्ता के घर बसंतपुर पुलिस ने रेड कार्रवाई कर छह जुआरियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद बसंतपुर थाने में प्रदेश महिला कांग्रेस की सचिव डोंगरगढ़ निवासी नलिनी मेश्राम ने विधानसभा चुनाव में टिकिट दिलाने के राजेश गुप्ता व घनश्याम विश्वकर्मा के नाम शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों ही मामले पर पार्षद राजेश ने अपने इस्तीफे में सफाई तक दी है, जिसमें लिखा है कि उन्हें फंसाया गया है। विधानसभा टिकिट दिला सकते तो वो पार्षद चुनाव निर्दलीय क्यों लड़ते। उन्होंने राजनीतिक षड़यंत्र कर फंसाने का आरोप लगाया है। हालांकि इस मामले पर महापौर हेमा देशमुख ने किसी तरह की जानकारी नहीं होने की बात कही है। महापाैर ने कहा कि इस्तीफा की जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होेंने कहा कि कुछ दिन पहले दो मामले सामने आए हैं, जो एक जनप्रतिनिधि के लिए सही नहीं है।

