सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 20 अगस्त। मध्य प्रदेश के छत्तरपुर में महोबा से बागेश्वर धाम जाते समय ऑटो और ट्रक की टक्कर में सात श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई है।
आपको बता दें कि यह दर्दनाक हादसा NH39 हाइवे पर सुबह लगभग 5 बजे हुआ। हादसे में घायल लोगों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मृतकों में बूढ़े और बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ऑटो में क्षमता से ज्यादा सवारियां बैठी थीं। सभी श्रद्धालु स्टेशन से बागेश्वर धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। बागेश्वर धाम रक्षा बंधन और जन्माष्टमी में भगवान के दर्शन करने के लिए काफी श्रद्धालू आए हुए हैं। सभी सवारियां स्टेशन से बाहर आकर सवारी वाले ऑटो में सवार हुई थीं। ऑटो चालक ने ज्यादा सवारियां होने की वजह से ऑटो की क्षमता से ज्यादा सवारियां बैठा लीं। इसके साथ ही सवारियों का सामान भी ऑटो के ऊपर रखा हुआ था। इसी बीच ऑटो की तेज रफ्तार और ओवरलोड होने के कारण वह आगे जाकर एक ट्रक से भिड़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो का आगे का हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया है। इस दर्दनाक हादसे में लगभग सात श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा झांसी-खजुराहो हाईवे एनएच 39 के पास हुआ जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। रास्ते में जा रहे दूसरे यात्रियों ने घायल हुए यात्रियों को ऑटो से बाहर निकाला और पुलिस को फोन किया। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, साथ ही हादसे में मारे गए श्रद्धालुओं के शवों को भी पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। लोगों के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई है।

