एंकर सलमा सुल्ताना चर्चित हत्याकांड में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने आरोपी को दी जमानत

एंकर सलमा सुल्ताना चर्चित हत्याकांड में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने आरोपी को दी जमानत


बिलासपुर, 12 अगस्त। कोरबा जिले में साल 2018 में रहस्यमय तरीके से लापता हुई एंकर सलमा सुल्ताना के चर्चित हत्याकांड में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने गिरफ्तार आरोपी मधुर साहू को जमानत दे दी है। कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह फैसला सुनाया, जिसमें कहा गया कि आरोपी के खिलाफ पेश किए गए साक्ष्य पर्याप्त नहीं हैं।

मधुर साहू के वकील का कहना था कि कोरबा पुलिस ने उनके मुवक्किल को इस मामले में गलत तरीके से फंसाया है। डीएनए टेस्ट रिपोर्ट में 13 में से केवल 1 एसटीआर ही मेल खा रहा है, जबकि परीक्षण में 13 एसटीआर का मिलान होना जरूरी है।

ऐसे में यह दावा नहीं किया जा सकता कि बरामद कंकाल सलमा सुल्ताना का ही है। कोर्ट ने इस दलील को स्वीकारते हुए मधुर साहू को जमानत दे दी।

हालांकि, कोर्ट के इस फैसले से पीडित परिवार में मायूसी है और वे इस जमानत के खिलाफ अपील करने की योजना बना रहे हैं।
मालूम हो कि 2018 में कोरबा के कुसमुंडा क्षेत्र से लापता हुई सलमा सुल्ताना का मामला पुलिस के लिए एक पहेली बन गया था। महीनों की तलाश के बावजूद सलमा का पांच साल तक कोई सुराग नहीं मिला। प्रकरण में नया मोड़ तब आया जब पुलिस को पता चला कि सलमा के बिलासपुर निवासी मित्र और जिम संचालक मधुर साहू के साथ प्रेम संबंध थे। मधुर की नौकरानी ने खुलासा किया कि 2018 में मधुर और उसके कुछ साथियों ने मिलकर सलमा की हत्या कर दी थी और उसके शव को भवानी मंदिर के पास दफना दिया था।

मधुर घटना के बाद फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में जुटी रही। आखिरकार, अगस्त 2023 में कोरबा पुलिस ने एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए मधुर को गिरफ्तार कर लिया था।