भिलाई नगर, 05 अगस्त। आधे-अधूरे बायोमेट्रिक फेस रीडिंग अटेंडेंस सिस्टम लागू करने के बाद आ रही परेशानियों के कारण हिंदुस्तान स्टील एंप्लाइज यूनियन सीटू के प्रतिनिधि मंडल द्वारा आज मुख्य महाप्रबंधक एच आर के नाम महाप्रबंधक एच आर को ज्ञापन सौपा गया।

सौपा गए ज्ञापन में यूनियन ने उल्लेखित किया है कि भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन द्वारा बिना किसी पूर्व तैयारी के 1 जुलाई 2024 से बायोमेट्रिक आधारित उपस्थिति दर्ज करने की ऐसी व्यवस्था क्रियान्वित कर दिया है, जिसका प्रबंधन ने विधिवत लागू करने के पूर्व ट्रायल तक नहीं लिया । जिससे निम्नलिखित समस्याओं से कर्मचारियों को रोज सामना करना पड़ रहा है।
1 गेटो में जाम की स्थिति निर्मित हो रही है, जिससे ध्वनि और वातावरण प्रदूषण में वृद्धि हो रही है।
2 . सड़क दुघर्टना में वृद्धि हुई है, क्योंकि सभी को समय पर फेस रीडिंग की जल्दबाजी होती है।
3 . बोरिया गेट एवं मेन गेट पर सड़कों पर भारी वाहनों का 2-2 पंक्ति में में खड़े हो जाने से बीएसपी कर्मियों को वहन निकालना मुश्किल हो जाता है ।
4 . मेन गेट पर संयंत्र में प्रवेश के लिए सिर्फ चार गेट उपलब्ध है, जबकि निकलने के लिए 10 गेट उपलब्ध होते हैं। मेन गेट में CISF द्वारा प्रवेश के गेटों को ऑफिस में तब्दील किया गया है जिसे CISF से वापस लेकर प्रवेश गेट बनाया जाए ।
5 .संयंत्र के सभी गेटों में पूर्व की तरह प्रवेश हेतु प्रथम पाली में सुबह 5.00 बजे से, सामान्य पाली में 8:00 बजे से, द्वितीय पाली में 1:00 बजे से और रात्रि पाली में 9.00 बजे से गेट खोल दिए जाएं।
6 . कर्मियों को स्वयं और आश्रितों को सेक्टर 9 अस्पताल में मेडिकल ओ पी डी में डाक्टर को दिखाएं जाने के सम्बन्ध में छूट दिया जाएं।
7 . नगर प्रशासन विभाग एवं टाउनशिप से संबंधित सभी शिकायतों को दर्ज करने की व्यवस्था कार्मिक विभाग से ही किया जाएं।
8 . मेन गेट पर इस्पात भवन और एच आर (एल एंड डी) विभाग के बीच की सड़क का चौड़ीकरण किया जाएं।
9 . बायोमेट्रिक आधारित उपस्थिति दर्ज करने पर कर्मचारी द्वारा रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजा जाएं। क्योंकि उपस्थिति या अनुपस्थिति होने का कर्मचारी के पास कोई प्रमाण नहीं होता है।
10 . कई कर्मियों को कम्प्यूटर में अपनी छुट्टी आवेदन करना तक नहीं आता है, ऐसी परिस्थिति में रात्रि पाली भत्ता स्वयं द्वारा डिक्लेरेशन भरना सम्भव नहीं होता है, इसलिए रात्रि पाली भत्ता का डिक्लेरेशन आटो मोड में ही अपने आप ले लेने की व्यवस्था बनाई जाएं।
11 . कर्मियों के छुट्टी संबंधी पूरी व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करवाने हेतु टाइम ऑफिस एवं ओ एल एम एस की व्यवस्था को यथावत रखा जाएं, अन्यथा न केवल अटेंडेंस एवं छुट्टियां की व्यवस्था गड़बड़ा जाएगी, बल्कि उसे दुरुस्त करने में सभी विभागों के उपस्थिति सर्टिफाइंग अथॉरिटी एवं कार्मिक विभाग के अधिकारी इसी कार्य में लगे रहेंगे।
12 . संयंत्र के सभी गेटों की तरफ आने वाले सभी सड़कों एवं गेटों से विभागों के तरफ जाने वाले सभी सड़कों की आवश्यकता अनुसार मरम्मत करवाई जाए ताकि खराब सड़क के कारण होने वाली किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके।
13 . सभी गेटों के आने और जाने वाले रास्ते पर शेड निर्माण किए जाये जिससे धूप और बारिश में कर्मियों को परेशानी का सामना ना करना पड़े।
14 . सभी विभागों में कर्मियों की मूलभूत सुविधाओं जैसे केंटीन हाइजिन हो, रेस्ट रूम (पुरूषों एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग) की व्यवस्था हो, बाथरूम (पुरूषों एवं महिलाओं के लिए अलग- अलग) भारतीय एवं पाश्चात्य शैली की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए।

यूनियन ने आग्रह किया है कि प्रबंधन जल्द बाजी में लागू किए गए बायोमेट्रिक आधारित उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था से उत्पन्न समस्याओं का निराकरण करने में भी त्वरित कार्रवाई करें।

