दुर्ग 02 अगस्त । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग का द्वितीय दीक्षांत समारोह 07 अगस्त, को अपरान्ह 3:00 बजे बीआईटी, दुर्ग के ऑडिटोरियम में भव्य रूप से आयोजित होगा। यह जानकारी विश्वविद्यालय की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने आज अधिकारियों की बैठक में दी। डॉ. पल्टा ने कहा कि दीक्षांत समारोह की तैयारियां विश्वविद्यालय में जोरों पर है। समारोह में अध्यक्षता हेतु छत्तीसगढ़ के नये राज्यपाल से सम्पर्क किया जा रहा है। पूर्व राज्यपाल ने दीक्षांत समारोह में शिरकत करने हेतु तिथि की स्वीकृति तथा भौतिक रूप से उपस्थिति का अनुमोदन कर दिया था।
डॉ. पल्टा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। नई दिल्ली से पधारने वाले प्रसिद्ध शिक्षाविद् डॉ. अतुल कोठारी भारतीय ज्ञान परम्परा पर केन्द्रित दीक्षांत भाषण देंगे। इस समारोह में दुर्ग के सांसद तथा दुर्ग एवं भिलाई के विधायकगणों तथा दुर्ग, भिलाई, चरोदा, रिसाली के महापौरों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। इनके अलावा दीक्षांत समारोह में शहर के गणमान्य नागरिक, पूर्व विधायक, जनप्रतिनिधि, पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने वाले 68 शोधार्थी तथा विश्वविद्यालय की विभिन्न परीक्षाओं एवं विषय विशेष में प्रावीण्य सूची में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले 48 छात्र-छात्राओं को दान दाताओं द्वारा प्रदान किये गये स्वर्ण मंडित पदकों से नवाजा जायेगा।
कुलपति, डॉ. पल्टा ने जानकारी दी कि दीक्षांत समारोह के एकदिन पूर्व सम्पूर्ण समारोह का रिहर्सल 06 अगस्त को दोपहर 2:00 बजे बीआईटी सभागार में आयोजित हैं। इसमें सम्पूर्ण दीक्षांत समारोह में आरंभ से लेकर अंत तक की जानकारी कार्यपरिषद् एवं विद्यापरिषद् के समस्त सदस्यों, शोधार्थियों तथा पदक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को दी जायेगी। डॉ. पल्टा ने बताया कि ऑडिटोरियम में सीमित स्थान होने के कारण बड़ी संख्या में लोगों को आमंत्रित नहीं किया जा सकेगा। उनकी सुविधा के लिए सम्पूर्ण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर किया जायेगा। इससे शोधार्थियों एवं पदक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के परिजन अपने-अपने घरों में ही सम्पूर्ण दीक्षांत समारोह को देख सकेंगे।
कुलपति, डॉ. पल्टा के अनुसार दीक्षांत समारोह के दिन सर्वप्रथम दीक्षांत शोभा यात्रा निकाली जायेगी। इसका नेतृत्व विश्वविद्यालय के कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप करेंगे। इस शोभायात्रा में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, सांसद, विधायकगण, दीक्षांत भाषण देने वाले विशिष्ट अतिथि, कार्यपरिषद् तथा विद्यापरिषद् के समस्त सदस्य, पी.एच.डी. उपाधि प्राप्त करने वाले सभी शोधार्थी तथा स्वर्ण मंदित पदक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। शोभा यात्रा के अंत में कुलपति डॉ. अरूणा पल्टा स्वयं शामिल रहेंगी। इस बार सर्वाधिक पी.एच.डी. डिग्री शिक्षा संकाय के शोधार्थी को प्रदान की जावेंगी। कुलपति डॉ. पल्टा ने बताया की दीक्षांत समारोह के प्रतिभागियों हेतु महिलाओं के लिए कोसा रंग की साड़ी तथा पुरूषों हेतु सफेद या ऑफ व्हाइट कुर्ता पैजामा पहनना निर्धारित किया गया है। सभी प्रतिभागी पगड़ी भी धारण करेंगे। जिसे विश्वविद्यालय द्वारा 06 अगस्त को रिहर्सल के दिन सभी प्रतिभागियों को उपलब्ध कराया जायेगा।

