सीजी न्यूज ऑनलाइन डेस्क 05 जुलाई । राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार 10 चक्का ट्रक ने बाइक सवार मां-बेटी और पिता को टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटी की मौके पर मौत हो गई, जबकि पिता की जान बच गई है। बताया जा रहा है कि 10 चक्का मां-बेटी के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे दोनों का सिर चकनाचूर हो गया है। हादसे के बाद भीड़ ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। मामला आरंग थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया।
आरंग पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि चपरीद गांव के पास एक हादसा हुआ है। बाइक पिता महेश कुमार साहू चला रहा था। पीछे में उसकी पत्नी उत्तरा बाई साहू (50) और बेटी आरती साहू (27) सवार थी। वे अपने गांव से आरंग की तरफ जा रहे थे।
खाली ट्रक को तेज रफ्तार में ड्राइवर मनोज यादव चला रहा था, जो समोदा की तरफ से आ रहा था। वह चपरीद गांव के पास बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर होते ही महेश उछलकर सड़क किनारे जा गिरा। वहीं उसकी पत्नी उतरा और बेटी आरती ट्रक के पहिए के नीचे आ गए।
इस दौरान आसपास से गुजर रहे लोगों ने ट्रक को घेरकर रोक लिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी ट्रक ड्राइवर मनोज यादव को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन हादसे से गुस्साए लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया। हंगामे के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
तेज रफ्तार 10 चक्का ट्रक ने सिर कुचला बाइक सवार मां बेटी का, मौके स्थल पर मौत, आरोपी ट्रक चालक गिरफ्तार

