दुर्ग, 28 जून । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग (डीयू) में छत्तीसगढ़ी कविता, छत्तीसगढ़ी लघु कहानी और छत्तीसगढ़ के दर्शनीय स्थलों पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन अखिल भारतीय स्तर पर किया गया। इन तीनों वर्गों के लिए बड़ी संख्या में प्रविष्ठियां विश्वविद्यालय को प्राप्त हुई हैं। विश्वविद्यालय की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा एवं कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप ने संयुक्त रूप से बताया कि वर्गवार श्रेष्ठ कविता, कहानी और चित्र के निर्धारण के लिए विशेषज्ञ टीम का गठन किया गया है। यह विशेषज्ञ टीम प्रतियोगिता के विजेताओं का निर्धारण करेगी। इन विजेताओं को 02 जुलाई को विश्वविद्यालय परिसर में स्थित टैगोर हॉल में पुरस्कृत किया जायेगा। इस पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी श्रीमती कौशल्या देवी साय एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी श्रीमती रजनी बघेल शामिल होंगी।
विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव, दिग्विजय कुमार ने बताया कि प्रत्येक प्रतियोगिता के लिए 5-5 पुरस्कार दिया जाकर कुल 15 पुरस्कार दिये जायेंगे। दिग्विजय कुमार ने आगे बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ी को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और छत्तीसगढ़ी साहित्य को समृद्ध बनाने के लिए यह कार्यकम एक मील का पत्थर साबित होगी। भविष्य में इस प्रकार की और भी अखिल भारतीय स्पर्धाएं आयोजित किये जाने हेतु विश्वविद्यालय की कुलपति ने निर्देश दिये हैं जिससे न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी स्थानीय साहित्य को पहचान मिले।
डीयू में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन 02 जुलाई को, अखिल भारतीय प्रतियोगिता के विजेता होंगे पुरस्कृत

