दुर्ग 27 जून । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग (डीयू) में विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए ऑनलाईन आवेदन फॉर्म जैसे प्रवेश फॉर्म, नामांकन, पात्रता, परीक्षा फॉर्म, माइग्रेशन, डिग्री, पुर्नमूल्यांकन, पुर्नगणना इत्यादि के लिए विश्वविद्यालय परिसर में एक छात्र सुविधा केन्द्र का शुभारंभ कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा एवं कुलसचिव भूपेन्द्र कुलदीप के द्वारा किया गया।
यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव, दिग्विजय कुमार ने बताया कि जानकारी के अभाव में छात्र-छात्राएं विभिन्न त्रुटियां करते हैं और उन्हें कई कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है एवं त्रुटि सुधार हेतु अतिरिक्त खर्च भी वहन करना पड़ता है। छात्र-छात्राओं की इस समस्या के निराकरण के लिए विश्वविद्यालय परिसर में ही छात्र सुविधा केन्द्र स्थापित की गई है। इस केन्द्र में लिये जाने वाले शुल्क की दर प्राइवेट कम्प्यूटर केन्द्रों की दर से कम है जिससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राएं न्यूनतम शुल्क के साथ ऑनलाईन आवेदन फॉर्म बिना किसी असुविधा के भर सकेंगे।
उपकुलसचिव, डॉ. राजमणि पटेल ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि एनईपी 2020 के तहत सत्र 2024-25 में स्नातक प्रथम सेमेस्टर एवं पूर्ववत् स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर, डिप्लोमा/पी. जी. डिप्लोमा में नियमित प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों हेतु ऑनलाईन पद्धति से प्रवेश आवेदन फॉर्म 18 जून से प्रारंभ किया जा चुका है। इस हेतु प्रथम चरण, द्वितीय चरण तथा कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा की अनुमति से तृतीय चरण हेतु प्रवेश की तिथि निर्धारित की गई है। प्रवेश तिथियों एवं कक्षाओं के विस्तृत जानकारी हेतु विद्यार्थी विश्वविद्यालय की अधिकृत वेबसाइट
www.durguniversity.ac.in का अवलोकन कर सकते हैं।
हाल ही में बीए और बीएससी के परिणाम जारी होने के साथ विश्वविद्यालय ने वार्षिक परीक्षाओं के समस्त परिणाम घोषित कर दिये हैं। शीघ्रातिशीघ्र सेमेस्टर परीक्षाओं के परिणाम जारी करने के निर्देश कुलपति ने दिये है। कुलपति के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग ने कार्य प्रारंभ कर निर्धारित समय में परीक्षा परिणाम जारी करने का आश्वासन दिया है।

