बच्चों को 16 मार्च से कोरोना का टीका, 12 से 14 साल वाले बच्चों का वैक्सीनेशन शुरू होगा, छत्तीसगढ़ में 13.21 लाख बच्चे
रायपुर, 14 मार्च। बच्चों के लिए सुरक्षित कोरोना टीके पर लंबे समय से शोध चल रहा था। इसे अब मंजूरी मिली है। कोरोना महामारी से लड़ने के लिए बच्चों को भी अब सुरक्षा कवच मिल जाएगा। सरकार ने 12 से 14 साल तक के बच्चों को भी कोरोना टीका लगाने की मंजूरी दे दी है। इसके लिए व्यापक अभियान 16 मार्च से शुरू हो रहा है। छत्तीसगढ़ में इस आयु वर्ग के 13 लाख 21 हजार 286 बच्चे हैं।
गौरतलब हो कि स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों के टीकाकरण की तैयारियां पूरी कर ली है। इस आयु वर्ग में आ रहे लोग कोविन एप पर अपना पंजीयन करा सकते हैं। 12 से 14 साल आयु वर्ग के बच्चों को हैदराबाद स्थित बायोलॉजिकल-ई कंपनी से बने कॉर्बेवैक्स टीके लगाए जाएंगे। टीकाकरण अभियान में टीके की दो डोज लगाई जानी है। पहले डोज के चार सप्ताह बाद दूसरा डोज लगाया जाएगा। इसके लिए सभी जिलों के जिला टीकाकरण अधिकारियों को अपग्रेड प्रशिक्षण दे दिया गया है। इस आयु वर्ग के 13 लाख 21 हजार से अधिक बच्चों को चिन्हित किया गया है। अभी तक 15 से 18 साल तक के किशाेरों को ही कोरोना का टीका लगाया जा रहा था। इस आयु वर्ग के किशोरों को कोवैक्सीन टीका लगाया जा रहा है।

