सीजी न्यूज ऑनलाइन डेस्क, 21 जून। भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव के खिलाफ भाजपा प्रत्याशी प्रेम प्रकाश पांडे की ओर से दायर चुनाव याचिका पर सुनवाई पूरी होने के बाद जस्टिस राकेश मोहन पांडे की सिंगल बेंच ने फैसला सुरक्षित रख लिया है।
भाजपा प्रत्याशी पांडे ने अपने अधिवक्ता शैलेंद्र शुक्ला और देवाशीष तिवारी के माध्यम से पेश चुनाव याचिका में बताया था कि कांग्रेस उम्मीदवार देवेंद्र यादव ने अपने नामांकन पत्र के साथ दाखिल हलफनामे में आपराधिक मामलों और संपत्ति की जानकारी छुपाई है। यह जनप्रतिनिधित्व कानून का उल्लंघन है,
याचिका में बताया गया था कि बिलासपुर और रायपुर की कोर्ट ने यादव को समन जारी किया है। जिसे हलफनामे में छुपाया गया है। याचिकाकर्ता ने इसमें चुनाव आयोग को पक्षकार नहीं बनाया था। इसका कारण यह बताया गया है कि याचिका मुख्य रूप से जनप्रतिनिधित्व कानून के उल्लंघन को लेकर है।

