छत्तीसगढ़ : इस सरकारी स्कूल ने किया कमाल, JEE एडवांस में 32 छात्रों का चयन, कोचिंग सेंटर के लिए बना बड़ी चुनौती

छत्तीसगढ़ : इस सरकारी स्कूल ने किया कमाल, JEE एडवांस में 32 छात्रों का चयन, कोचिंग सेंटर के लिए बना बड़ी चुनौती


सीजी न्यूज ऑनलाइन डेस्क 17 जून। राजधानी रायपुर के सड्डू इलाके में स्थित सरकारी स्कूल प्रयास इन दिनों चर्चा में है. दरअसल प्रयास स्कूल नामी कोचिंग संस्थानों के समक्ष चुनौती पेश की है. शैक्षणिक सत्र 2023-2024 के लिए JEE IIT का रिजल्ट घोषित हुआ है. यह एक बहुत ही मुश्किल राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा है, जिसमें पूरे देश से लाखों छात्र भाग लेते हैं. ऐसे में इस स्कूल में 12वीं की पढ़ाई कर रहे 32 छात्रों ने JEE संयुक्त प्रवेश परीक्षा एडवांस के लिए चयनित हुए है, जिससे वे विभिन्न IIT यानी भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान और समकक्ष राष्ट्रीय संस्थानों में प्रवेश के लिए पात्र हो गए हैं.
देश के शीर्ष तकनीकी संस्थानों में प्रवेश पाने वाले अधिकांश छात्र आमतौर पर 12वीं कक्षा के बाद एक या दो साल की तैयारी करते हैं. हालांकि, प्रयास स्कूल के 32 छात्रों ने 12वीं कक्षा में पढ़ते हुए ही इन प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में प्रवेश पाने के लिए इस पात्रता परीक्षा पास कर अपना लक्ष्य हासिल कर लिया है. हाल ही में 9 जून को घोषित JEE एडवांस के नतीजों में रायपुर के प्रयास स्कूल के कुलदीप कुमार ने ऑल इंडिया कैटेगरी रैंक 459 हासिल किया है. ओमप्रकाश नेताम ने ऑल इंडिया कैटेगरी रैंक 473 और रुद्राक्ष भगत ने ऑल इंडिया कैटेगरी रैंक 825 हासिल किया है.
विद्यार्थियों नें हासिल किया इतना रैंक

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, कोंडागांव और सरगुजा के दूरस्थ क्षेत्रों के गरीब आदिवासी परिवारों से आने वाले इन तीनों बच्चों ने उल्लेखनीय शैक्षणिक सफलता हासिल की है. त्रिलोक पैंकरा ने ऑल इंडिया कैटेगरी रैंक 1123, लीलाधर ठाकुर ने 1174, पंकज रावटे ने 1592, गैंद लाल ने 1638, आदर्श राज पैंकरा ने 1661 और शुभम कश्यप ने 1801 हासिल किया. ये बच्चे राज्य के दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों से आते हैं. रायपुर में प्रयास स्कूल कक्षा 9 से 12 तक के प्रतिभाशाली आदिवासी छात्रों को IIT और NIT जैसे प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में पढ़ने के उनके सपने को पूरा करने में मदद करता है.