*बीएसपी की सुरक्षा में सेंध- टूटी हुई दीवार से नकली पिस्टल लेकर घुसा चोर, 14 किलो तांबा लेकर निकलते समय पकडा़या*

*बीएसपी की सुरक्षा में सेंध- टूटी हुई दीवार से नकली पिस्टल लेकर घुसा चोर, 14 किलो तांबा लेकर निकलते समय पकडा़या*


बीएसपी की सुरक्षा में सेंध- टूटी हुई दीवार से नकली पिस्टल लेकर घुसा चोर, 14 किलो तांबा लेकर निकलते समय पकडा़या 

भिलाई नगर, 19 मार्च। एक चोर बीएसपी की सुरक्षा को भेदकर उसके अंदर घुस गया और वहां से वह 14 किलोग्राम कॉपर वायर चोरी करके प्लांट के बाहर भी ले आया। भट्टी पुलिस ने आरोपी के पास से एक नकली पिस्टल भी जब्त किया है। बताया जा रहा है कि जब चोरी के दौरान वह पकड़ा जाता तो उस पिस्टल से लोगों को डराकर वहां से भाग जाता था।

भट्टी थाना प्रभारी बृजेश कुशवाहा ने बताया कि 18 मार्च की सुबह 4 बजे उन्हें सूचना मिली कि ओएचपी-बी एरिया में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया है। वहां तुरंत एक पुलिस टीम भेजी गई। जब टीम ओएचपी-बी एरिया पहुंची तो उसने उस संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी करके गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरपी ने अपना नाम स्टोरपारा शिव मंदिर के पास पुरैना निवासी गोलू सिक्का (28 वर्ष) बताया। उसके पास से 7 हजार 700 रुपए कीमत का लगभग 14 किलोग्राम कॉपर वायर जब्त किया गया। जिसे वह चोरी करके भाग रहा था। उससे एक पिस्टलनुमा खिलौना जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 379, 447 के तहत मामला दर्ज किया है।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि भिलाई इस्पात संयंत्र के अंदर सुरक्षा घेरा को तोड़कर घुसना बहुत आसान है। वह टूटी हुई दीवार से अंदर घुसा था। इसके बाद वहां से कॉपर वायर को चोरी करके बाउंड्री के बाहर करता और फिर उसे ले जाता था। 

गौरतलब हो कि यह चोरी भले ही 14 किलोग्राम कॉपर वायर की है लेकिन इसने भिलाई स्टील प्लांट की सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर दिया है। अब तक बीएसपी के अंदर आयरन ओर चोरी होने की कई शिकायतें मिल रही थीं। इस तरह बिना गेट पास के प्लांट के अंदर घुस जाना और वहां से चोरी करके बाहर आ जाना बीएसपी प्रबंधन की सुरक्षा पर सवाल खड़ा करता है। दो दिन पहले ही प्लांट में ऐसा व्यक्ति कन्वेयर में फंस कर काल कवलित हुआ जो न तो बीएसपी कर्मचारी है और न ही ठेका श्रमिक। ऐसी वारदातें स्पष्ट करती हैं कि प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध अब मामूली बात हो गई है।