भिलाई नगर 15 जून । उतई थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खोपली में पति ने फावड़े से सिर पर जानलेवा हमला कर पत्नी की हत्या कर दी । इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मिली जानकारी के मुताबिक ये वारदात शुक्रवार शाम की है। पति का नाम हेंगल और पत्नी का दशोदा बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पाटन एसडीओपी आशीष बंछोर ने बताया कि हेंगल अपनी पत्नी दशोदा के साथ शाम 6 बजे के करीब खेत गया था, इसके बाद दोनों वापस नहीं लौटे। तब परिजनों के द्वारा दोनों की खोज शुरू की गई । परिजन उन्हें खोजते-खोजते खेत पहुंचे तो देखा स्टोर रूम का दरवाजा अंदर से बंद था।
उतई थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना उन्हें रात 10 बजे सूचना मिली तब वे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। लोगों ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, लेकिन वो नहीं खुला। इसके बाद दीवार में छेद किया गया। होल से देखा गया तो हेंगल फंदे पर लटका था। जमीन पर दशोदा खून से लथपथ पड़ी थी।
उतई थाना प्रभारी ने बताया कि हेंगल ने स्टोर रूम में रखे फावड़े से दशोदा पर हमला किया। उसने गले और सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद खुद भी छत में लगी लकड़ी के सहारे फंदा बनाकर झूल गया।
थाना प्रभारी उतई ने बताया कि स्टोर रूम का दरवाजा और दीवार काफी मजबूत होने से टूट नहीं रही थी। गांव के लोगों की मदद से कई घंटों की मशक्कत के बाद देर रात 1 बजे दीवार में होल करके और दरवाजा तोड़कर पुलिस स्टोर रूम के अंदर पहुंची। इस दौरान एसडीओपी पाटन और उतई पुलिस मौके पर मौजूद रही। पुलिस ने स्टोर रूम को सील कर दिया है।

