
सीजी न्यूज आनलाईन, 10 जून। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर की निशु सिंह ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा लहराकर छत्तीसगढ़ का नाम रौशन किया है। निशु ने कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए यह साहसिक उपलब्धि हासिल की। आक्सीजन की कमी, तेज तूफान और बर्फबारी जैसी चुनौतियों ने उनकी चढ़ाई को और भी कठिन बना दिया था। निशु ने अपने इस साहसिक अभियान के दौरान कई विपरीत परिस्थितियों का सामना किया। बेस कैंप से आगे बढ़ते हुए उन्हें आक्सीजन की कमी से जूझना पड़ा। इस दौरान, तेज हवाओं और बर्फबारी ने उनकी कठिनाई को और बढ़ा दिया लेकिन निशु ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और साहस से इन सभी चुनौतियों को पार किया।

आपको बता दें कि इससे पूर्व निशु ने अफ्रीका की सबसे ऊंचे पर्वत माउंट किलिमंजारो की 5 हजार 685 मीटर ऊंची चोटी पर तिरंगा लहराया था। निशु ने तीन दिन की लगातार इस चढ़ाई को 22 अप्रैल के दिन पूरा किया था। अब माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा लहराने की निशु की इस उपलब्धि पर बिलासपुर शहर में जश्न का माहौल है। उनके परिवार और दोस्तों ने इस गर्व के क्षण को साझा करते हुए कहा कि निशु ने अपने दृढ़ संकल्प और मेहनत से यह साबित कर दिया कि कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है, वह हमारी प्रेरणा है।

निशु ने अपने इस अद्वितीय सफर के बारे में बताया कि माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करना मेरा सपना था। यह सफर आसान नहीं था लेकिन मेरे माता-पिता और प्रशिक्षकों के सहयोग और समर्थन ने मुझे इस चुनौती को पूरा करने की हिम्मत दी। तिरंगा लहराते हुए मुझे काफी गर्व और खुशी का अहसास हुआ। गौरतलब हो कि निशु सिंह की यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे बिलासपुर सहित प्रदेश के लिए भी गर्व का क्षण है। निशु इससे पहले भी देश की 10 ऊंची पर्वत चोटियों पर चढ़ाई कर तिरंगा फहरा चुकी हैं। बिलासपुर के भरनी क्षेत्र की निवासी निशु के पिता विपिन कुमार सिंह सीआरपीएफ में सिपाही रह चुके हैं।
