BREAKING NEWS : दुर्ग के तीर्थ यात्रियों से भरी बस आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर पलटी, एक महिला एवं एक बच्ची की मौत, दो दर्जन से ज्यादा यात्री घायल

BREAKING NEWS : दुर्ग के तीर्थ यात्रियों से भरी बस आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर पलटी, एक महिला एवं एक बच्ची की मौत, दो दर्जन से ज्यादा यात्री घायल


फिरोजाबाद, 8 जून। शनिवार तड़के साढ़े तीन बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर दुर्ग छत्तीसगढ़ की बस पलट गई। इसमें सवार एक महिला और एक बच्ची की मौत हो गई। 25-30 से लोग घायल हैं।

बताया जा रहा है कि चालक को नींद की झपकी आने की वजह से ये हादसा हुआ है। बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस वे से नीचे जाकर पलट गई. सूचना के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुई बस छत्तीसगढ़ से आ रही थी। बस में दुर्ग जिले और आसपास के 65 यात्री सवार थे, जिनमें से लगभग 30 से अधिक यात्री घायल हो गए. यह घटना नसीरपुर थाना क्षेत्र के माइलस्टोन 51 पर हुई. सभी लोग छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं, जो वैष्णो देवी से दर्शन कर वृंदावन आए थे और शुक्रवार की रात वापस दुर्ग लौट रहे थे. बस पलटने के बारे में सूचना मिलते ही एक्सप्रेस वे पर मौजूद कर्मचारी व नसीरपुर इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे और तुरंत घायलों को निकालकर संयुक्त चिकित्सालय व फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज पहुंचाया.

नसीरपुर इंस्पेक्टर शेर सिंह ने बताया कि बस चालक को नींद की झपकी लग गई थी, जिसकी वजह से बस पलट गई. घायल यात्री ने बताया कि बस में 65 सवारियां थीं. हम वैष्णो देवी से वृंदावन आए और वृंदावन से अब छत्तीसगढ़ घर जा रहे थे. बस में ज्यादातर सवारियां घायल हो गई हैं. शिकोहाबाद हॉस्पिटल के डॉक्टर शिवकुमार कर्दम ने कहा कि 108 एंबुलेंस से बहुत सारे घायलों को लाया गया है. दो दर्जन से अधिक घायल हैं, जिसमें कुछ की हालत गंभीर है. उन्हें सैफई के लिए रेफर कर दिया गया है, बाकी घायलों का अभी इलाज किया जा रहा है।