“हमने कांग्रेस को जिताया, अब एक लाख दो….. ” 🛑 कांग्रेस दफ्तर के बाहर डाला डेरा, मैनिफेस्टो का गारंटी कार्ड लेकर करने लगीं नारेबाजी


सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 5 जून। उत्तर प्रदेश के लखनऊ से एक बड़ी खबर यह आ रही है कि कांग्रेस ने अपने चुनावी मैनिफेस्टो में दिए गए गारंटी कार्ड में महिलाओं को एक लाख रुपये देने का जो वायदा किया था, अब मुस्लिम महिलाएं उसी कार्ड को लेकर लखनऊ कांग्रेस कार्यालय पहुंच गई हैं। महिलाओं ने गारंटी कार्ड के साथ दफ्तर पर डेला डाल दिया है।

आपको बता दें कि आज जहां लोकसभा चुनाव के बाद एनडीए और इंडिया गठबंधन की जोड़तोड़ की राजनीति से दिल्ली तक हलचल मची हुई है तो वहीं लखनऊ कांग्रेस कार्यालय पर मुस्लिम महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया है।आज दोपहर से लखनऊ कांग्रेस दफ्तर पर बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंच गईं और कांग्रेस दफ्तर के बाहर पार्टी का ही मैनिफेस्टो का गारंटी कार्ड लेकर नारेबाजी शुरू कर दी है। मुस्लिम महिलाएं एक लाख रुपये देने वाले कांग्रेस के दावे वाले गारंटी कार्ड को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव प्रचार के दौरान एक लाख रुपये देने का वायदा किया था। अब इंडिया गठबंधन ने अच्छा प्रदर्शन किया है तो हम गारंटी कार्ड जमा करने आए हैं। अब ये गारंटी कार्ड लेकर रसीद दे दो। कुछ महिलाओं ने रसीद मिलने का भी दावा किया। महिलाएं ‘गारंटी कार्ड’ में किए वायदे की मांग करने लगीं हैं। कुछ महिलाओं ने पहले से मिले कांग्रेस के गारंटी कार्ड को भी पार्टी कार्यालय में जमा कर दिया, जिस पर उनका नाम, पता और नंबर लिखा था।गौरतलब हो कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान युवाओं और गरीब महिलाओं को एक लाख देने का वायदा कांग्रेस ने अपने गारंटी कार्ड में किया था। इसमें युवाओं को एक लाख रुपये और गरीब महिलाओं के लिए भी एक लाख देने का वायदा शामिल था। ऐसे में महिलाएं एक लाख रुपये देने की मांग कर रही हैं और कांग्रेस दफ्तर पर प्रदर्शन कर राहुल गांधी से वायदा पूरा करने की भी मांग की जा रही हैं। खबर मिली है कि लखनऊ कांग्रेस दफ्तर में मौजूद नेता महिलाओं को समझाने के प्रयास में लगे हैं, उनका कहना है कि वायदा कांग्रेस की सरकार बनने की बात को लेकर किया गया था, फिलहाल जब तक इंडी गठबंधन सरकार नहीं बनती वो एक लाख भला कहां से देंगे लेकिन महिलाएं नारेबाजी कर उन्हें रसीद दिए जाने की मांग कर रही हैं।

इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक अपने साथ में कांग्रेस का गारंटी कार्ड लेकर लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर खड़ीं ज्यादातर महिलाएं मुस्लिम समुदाय से हैं। इस भीड़ में कई महिलाएं ऐसी भी थीं, जो कांग्रेस से गारंटी कार्ड की मांग भी कर रही हैं वहीं जिसे गारंटी कार्ड मिला था, उन्होंने पहले ही अपने खातों में 1 लाख रुपये पाने के लिए पार्टी कार्यालय में फॉर्म जमा करवा दिया था। कुछ महिलाओं ने दावा किया कि पैसे अकाउंट में पाने संबंधी विवरण के साथ अपने फॉर्म जमा करने के बाद उन्हें कांग्रेस कार्यालय से रसीदें भी मिली हैं।‌ कांग्रेस ने ‘घर-घर गारंटी’ कार्यक्रम शुरू किया था जिसके तहत नेताओं को लगभग 80 मिलियन घरों तक पहुंचने और उन्हें इसकी 25 गारंटियों के बारे में जागरूक करने का काम सौंपा गया था। उसी में से एक गारंटी महिलाओं को एक लाख रूपये सालाना देने की भी थी।