भिलाई नगर, 5 जून। देर रात होने की वजह से मोहल्ले के ही युवक का फोन न उठाना चिंगरी पारा सुपेला के एक नाबालिग लड़के को भारी पड़ गया है क्योंकि अगले दिन फोन न उठाने से नाराज़ युवक ने उसे चाकू मार घायल कर दिया। लहुलुहान हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। घटना की रिपोर्ट पर सुपेला पुलिस ने धारा 307 व 34 के तहत आरोपी राजेंद्र और उसके एक साथी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है।
सुपेला थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि चिंगरी पारा सोनार गली सुपेला निवासी कक्षा 10वीं के छात्र पर 3 जून की रात साढ़े 11 बजे मोहल्ले के हनुमान मंदिर के पास आरोपी राजेंद्र और उसके एक साथी ने मारपीट कर चाकू से हमला किया है। घटना के समय छात्र अपने दोस्त के साथ टहल रहा था तभी राजेन्द्र अपने एक दोस्त के साथ आकर बीती रात उसका फोन न उठाने को लेकर विवाद करने लगा। नाराज राजेन्द्र ने छात्र को जान से मारने की नियत से चाकू निकाल हमला कर दिया। घायल छात्र को रोहन, लक्की और परिजन हास्पिटल ले गए और घटना की सूचना पुलिस को दी।
देर रात फोन न उठाने की बात पर उपजा विवाद 🛑 दसवीं के छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला 🛑 जांच में जुटी सुपेला पुलिस

