पावर हाऊस होटल आशीष इंटरनेशनल के कर्मचारियों से जमकर मारपीट 🛑 ढाई हजार रूपये भी हुए गायब, छावनी थाना में जुर्म दर्ज


भिलाई नगर, 3 जून। भिलाई पावर हाऊस के होटल आशीष इंटरनेशनल जीई रोड के तीन कर्मचारियों से होटल के पीछे मोहल्ले में रहने वाले लड़कों ने मामूली बात पर विवाद करते हुए उनसे जमकर मारपीट की है। घटना की रिपोर्ट पर छावनी पुलिस ने इस मामले के आरोपी दानिश, राजा और इनके साथियों के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 506बी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

छावनी थाना आरक्षक अमर नायक ने बताया कि होटल आशीष इंटरनेशनल के कर्मचारी बलराम मंडल (24 वर्ष) अपने होटल से स्टाफ रूम की ओर जा रहा था तभी पीछे मोहल्ले के लडके दानिश, राजा एवं अन्य लोगों ने उसे बुलाया। बलराम अनदेखा आगे चल दिया तो इसी बात से नाराज दानिश, राजा एवं उसके साथी कुछ देर में स्टाफ क्वार्टर पहुंच गाली गलौज करने लगे। उन्होंने बलराम को हाथ मुक्के से मारा। तभी होटल स्टाफ देवाशीष और रामनिवास बीच बचाव करने आए तो उन्हें भी सभी एक राय हो पीटने लगे।

मारपीट से बलराम, देवाशीष के पीठ, पेट में चोट आई है। मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तब तक आरोपी भाग निकले। घायल बलराम ने बताया कि इस दौरान देवाशीष की जेब से ढाई हजार रूपये भी वहां गिर गए जो नहीं मिला है। पीड़ित की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर उन्हें डाक्टरी मुलाहिजा के लिए सुपेला हास्पिटल भेजा गया है।