छत्तीसगढ़ में अभी गर्मी से नहीं मिलेगी राहत 🔥 आज रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में हीट वेव का अलर्ट 🛑 बस्तर में जल्द होगी बारिश

छत्तीसगढ़ में अभी गर्मी से नहीं मिलेगी राहत 🔥 आज रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में हीट वेव का अलर्ट 🛑 बस्तर में जल्द होगी बारिश



सीजी न्यूज आनलाईन, 2 जून। छत्तीसगढ़ में फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग ने आज रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में लू चलने का अलर्ट जारी किया है।‌ हालांकि बस्तर में आने वाले कुछ दिनों में बारिश होने के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं।
आपको बता दें कि नौतपा के आठवें दिन शनिवार को रायपुर और बिलासपुर के कई इलाकों में दिनभर लू के हालात रहे और गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को खूब परेशान किया। कल दिन का अधिकतम तापमान 46 डिग्री के आसपास ही रहा और प्रदेश में सबसे गर्म शहर राजधानी रायपुर का तापमान 45.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। कल प्रदेश के कई इलाकों में तेज गर्मी रही और देर रात तक गर्म हवा चलती रही। तपती गर्मी का यह असर इंसानों के साथ बेजुबान जानवरों पर भी पड़ रहा है।‌ मौसम विभाग की मानें तो छत्तीसगढ़ में आज भी रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में लू चलने के आसार हैं। कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में अगले 24 घंटे में कुछ खास बदलाव होने के आसार कम हैं हालांकि आने वाले कुछ दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है। मौसम विभाग की मानें तो एक सिस्टम उत्तर प्रदेश, झारखंड, बंगाल से होते हुए असम तक बना हुआ है। कोस्टल आंध्र प्रदेश और आसपास के इलाकों में एक चक्रवात भी एक्टिव है। इस वजह से समुद्र की ओर से नमी प्रदेश में आ रही है।‌ छत्तीसगढ़ में तेज धूप के कारण कुछ इलाकों में कम दबाव का इलाका बना हुआ है। इन इलाकों में नमी वाली हवा पहुंचने से तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। कल दुर्ग में तापमान 44.8 दर्ज किया गया तो वहीं बिलासपुर में दिन का पारा 44.8 डिग्री रहा। रायगढ़ में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। रायगढ़ में हुई बारिश ने लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी से राहत दी। मौसम विभाग के अनुसार बस्तर में कुछ दिन बाद बारिश के आसार बन रहे हैं।