
सीजी न्यूज आनलाईन, 1 जून। दुर्ग जिलांतर्गत धमधा के ग्राम साल्हेखुर्द निवासी किसान सुरेश जंघेल ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाया है कि उसके साथ सरेराह लूट की घटना हुई है। किसान का कहना है कि चाकू की नोक पर बाइक सवार दो युवकों ने इस घटना को अंजाम दिया। वे 3 लाख 38 हजार रुपए नगद लूट कर फरार हो गए हैं। पुलिस अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना कर रही है।पीड़ित किसान ने पुलिस को बताया कि वह गुरुवार को अपने चाचा को बाइक में लेकर ग्राम घोठा के जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा पहुंचा। यहां संयुक्त खाता से 43 हजार रुपए निकाला। वहां से धमधा आया और बैंक आफ इंडिया के खाता से 2 लाख 95 हजार रुपए निकाला। दोनों बैंक के पासबुक और नगद को थैले में डालकर उसे बाइक की डिक्की में रख दिया। इसके बाद धमधा से अपने गांव साल्हेखुर्द के लिए निकले। गांव साल्हेखुर्द से करीब आधा किलोमीटर पहले ही दोपहर 2 बजे पीछे से एक बाइक में दो युवक आए। एक युवक ने मुंह बांधा हुआ था। उसके पीछे भी एक युवक बैठा था। पीछे बैठे युवक ने चाचा के कपड़े को पकड़ कर खींच कर रोकने का प्रयास किया, नहीं रूकने पर पीछे बैठे युवक ने मिर्ची पाउडर को चाचा के चेहरे पर फेंक दिया। इसके बाद बाइक पर लात मारा। इससे बाइक का बैलेंस बिगड़ गया। बाइक समेत चाचा और भतीजा दोनों गिर पड़े। दोनों युवक बाइक रोककर करीब आए। एक ने हाथ में रखा चाकू दिखाकर डिक्की में रखे थैला समेत 3 लाख 38 हजार रुपए, दोनों बैंक की पासबुक को लूट कर मेन रोड की तरफ भाग गए।
