एक्जिट पोल केवल टीआरपी का खेल 🛑 ग्राउंड में हम भाजपा से ज्यादा सीटें जीत रहे हैं 🟦 “चैनलों के मुताबिक रिजल्ट आया तो बड़ी आश्चर्यजनक बात होगी” – भूपेश बघेल

एक्जिट पोल केवल टीआरपी का खेल 🛑 ग्राउंड में हम भाजपा से ज्यादा सीटें जीत रहे हैं 🟦 “चैनलों के मुताबिक रिजल्ट आया तो बड़ी आश्चर्यजनक बात होगी” – भूपेश बघेल


🟧 जीरो पावर कट स्टेट में बिजली कटौती छत्तीसगढ़वासियों के जले पर नमक छिड़कने जैसी

भिलाई नगर, 1 जून। आज शाम से ही तमाम एक्जिट पोल के परिणाम को लेकर किए गए मीडिया के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने निवास पर कहा कि सब टीआरपी का खेल है, दो दिन और खेल लेने दीजिए उसके बाद 4 जून को दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। श्री बघेल ने बिजली दर में वृद्धि को छत्तीसगढ़वासियों के जले पर नमक छिड़कने जैसा बताया है।


बिजली दर बढ़ोतरी पर पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि पांच साल तक हमने अपने शासनकाल में बिजली दर नहीं बढ़ाया, बिजली बिल हाफ योजना का लाभ सभी परिवार को मिल रहा था। पावर कट हमारे शासनकाल में नहीं होता था, घरेलू उपभोक्ताओं की संख्या में वृद्धि हुई थी, साथ में जो पंप कनेक्शन हैं उसमें भी वृद्धि हुई, इंडस्ट्रियल खपत में भी वृद्धि हुई। पिक अवर में पिछले समय जब भाजपा की सरकार थी तो 3600 से 4100 मेगावाट के बीच बिजली खपत रहती थी, पर हमारे शासनकाल में 5100 से 5300 मेगावाट से ऊपर बिजली की खपत हो रही थी। अभी 5-6 महीने से बिजली कटौती बहुत हो रही है।‌ राजधानी में बिजली कटौती हो रही है, जब रात में बिजली कट रही है तो ग्रामीण क्षेत्र का अंदाजा लगा सकते हैं। यहां घंटों बिजली नहीं आती, चाहे दिन में कट गई या रात में कट गई उसके बाद बिजली आती ही नहीं है। छत्तीसगढ़ में एक तरफ गर्मी से लोग परेशान हैं, दूसरे तरफ बिजली कटौती और तीसरे जले पर नमक छिड़कने का काम जो किया गया है वह है बिजली दर में वृद्धि। जीरो पावर कट स्टेट होने के बाद भी बिजली कटौती जले में नमक छिड़कने का काम है।
एक्जिट पोल में छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटें भाजपा को मिलने के सवाल पर श्री बघेल ने कहा कि 4 जून को रिजल्ट आ जायेगा तो सब साफ हो जाएगा। अभी तो सब कयास लगा रहे, अनुमान लगा रहे है, सारा खेल टीआरपी का है चैनलों को करने दीजिए, दो दिन तो उनको अनुमान लगाने दीजिए फिर उसके बाद 4 जून को रिजल्ट आ ही जाएगा। ग्राउंड में भारतीय जनता पार्टी से ज्यादा सीट हम जीत रहे हैं।
श्री बघेल ने कहा कि जो नेशनल मीडिया है इन सभी में समानता है। सभी ने एग्जिट पोल तमिलनाडु से शुरू किया फिर केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना को दिखाया। इनके द्वारा तीन से चार जो सर्वे किए गए हैं उसीआधार पर चैनलों में सारी डिबेट हो रही है। सारा खेल टीआरपी का है। 4 तारीख को दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा क्योंकि बहुत सारे सर्वे हम लोगों ने देखे हैं जो बताते थे कि जीत रहे हैं तो पता चला रिजल्ट नेगेटिव आया और जब कहते हैं नेगेटिव है तो रिजल्ट पॉजिटिव भी आया है। छत्तीसगढ़ में सभी 11 सीटें एक्जिट पोल ने भाजपा को दिया है जबकि ग्राउंड पर ऐसा दिखता नहीं है और यदि ऐसा है तो बड़ी आश्चर्यजनक बात होगी।