डीयू ने जारी किये बीकॉम के नतीजे, प्रथम वर्ष में 66 प्रतिशत् तथा द्वितीय वर्ष में 68 प्रतिशत् परीक्षार्थी उत्तीर्ण

डीयू ने जारी किये बीकॉम के नतीजे, प्रथम वर्ष में 66 प्रतिशत् तथा द्वितीय वर्ष में 68 प्रतिशत् परीक्षार्थी उत्तीर्ण


दुर्ग 31 मई । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग द्वारा वार्षिक परीक्षा 2023-24 के स्नातक स्तर के परिणाम जारी किये जा रहे है। इसी श्रृंखला में विश्वविद्यालय में बीकॉम प्रथम वर्ष एवं बीकॉम द्वितीय वर्ष का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। बीकॉम अंतिम का परिणाम विश्वविद्यालय लगभग एक सप्ताह पूर्व घोषित कर चुका है। इस प्रकार बीकॉम के सभी परीक्षा परिणाम जारी कर दिये गये है। तकनीकी कारणवश कुछ परीक्षार्थियों के परीक्षा परिणाम रोके गये हैं जिनसे संबंधित जानकारी प्राप्त होने पर रोके परीक्षा परिणाम भी जारी कर दिये जायेंगे। जिससे उत्तीर्ण छात्रों का प्रतिशत् में वृद्धि होने की संभावना है। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के परीक्षा उपकुलसचिव, डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि बीकॉम प्रथम वर्ष में शामिल 7648 परीक्षार्थियों में से 5019 परीक्षार्थी सफल रहे। जबकि 1676 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण घोषित किये गये, पूरक प्राप्त परीक्षार्थियों की संख्या 806 हैं। इनमें प्राइवेट एवं रेगुलर दोनों श्रेणियों के परीक्षार्थी शामिल हैं।

डॉ. पटेल ने बताया कि बीकॉम द्वितीय वर्ष का परीक्षा परिणाम भी विश्वविद्यालय द्वारा जारी कर दिया गया है।। इसमें परीक्षा में शामिल कुल 5985 परीक्षार्थियों में से कुल 4084 परीक्षार्थी सफल घोषित किये गये परीक्षा परिणाम 68.3 प्रतिशत् रहा। डॉ. पटेल ने बताया कि विश्वविद्यालय में चल रहे केन्द्रीय मूल्यांकन के फलस्वरूप वार्षिक परीक्षाओं के साथ-साथ सेमेस्टर परीक्षाओं के नतीजे भी जारी होने की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। एमएड चतुर्थ सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम जारी हो चुके हैं। एक-दो दिन में एम.एड द्वितीय सेमेस्टर तथा बीएड चतुर्थ सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय जारी करने हेतु प्रयासरत् है। विश्वविद्यालय में चल रहे केन्द्रीय मूल्यांकन का विश्वविद्यालय की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा एवं कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप लगातार निरीक्षण कर रहे है।