डीयू ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर 01 जून को आयोजित की ऑनलाईन कार्यशाला, 161 महाविद्यालय के प्राचार्य होंगे शामिल

डीयू ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर 01 जून को आयोजित की ऑनलाईन कार्यशाला, 161 महाविद्यालय के प्राचार्य होंगे शामिल


दुर्ग 30 मई । उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग 01 जून 2024 को दोपहर 12:30 बजे से राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के कियान्वयन तथा स्नातक स्तर के सत्र 2024-25 में प्रवेश प्रक्रिया संपादन आदि बिन्दुओं पर 161 महाविद्यालय के प्राचार्यों, प्राध्यापकों एवं प्रवेश प्रभारियों हेतु ऑनलाईन कार्यशाला का आयोजन करेगा। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग द्वारा मनोनीत दो रिसोर्स पर्सन बिलासपुर के प्रोफेसर, जी. ए. घनश्याम, तथा डॉ डी. के. श्रीवास्तव इस कार्यशाला में विश्वविद्यालय से सम्बद्ध शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के प्रतिभागियों की समस्या का निराकरण करेंगे।
डॉ श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यशाला में रिसोर्स पर्सन के उद्बोधन के पूर्व हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के विश्वविद्यालय में कियान्वयन पर अपने विचार रखेंगी। उद्घाटन सत्र हेतु विश्वविद्यालय द्वारा उच्च शिक्षा सचिव, श्री आर. प्रसन्ना तथा आयुक्त, उच्च शिक्षा, श्रीमती शारदा वर्मा को भी संबोधन हेतु विश्वविद्यालय द्वारा आमंत्रित किया जा रहा है। डॉ. श्रीवास्तव के अनुसार छत्तीसगढ़ शासन अगामी शैक्षणिक सत्र 2024-25 से पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के कियान्वयन एवं प्रवेश संबंधी प्रकिया समझाने हेतु छत्तीसगढ़ के समस्त शासकीय विश्वविद्यालयों में एक दिवसीय ऑफलाईन अथवा ऑनलाईन कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप ने बताया कि ऑनलाईन कार्यशाला में शामिल होने हेतु विश्वविद्यालय द्वारा प्रत्येक महाविद्यालय को निर्देशित किया गया है कि कार्यशाला के रिसोर्स पर्सन द्वारा दी जाने वाली महत्वपूर्ण जानकारी को प्रभावशाली ढंग से समझने हेतु प्रत्येक महाविद्यालय में उपलब्ध बड़ी स्कीन पर समस्त प्राध्यापकों को कार्यशाला के बिन्दुओं से अवगत कराया जाये। कार्यशाला में उपस्थित होने वाले प्राध्यापकों की उपस्थिति संबंधी विवरण भी 02 जून तक समस्त प्राचार्यों से मांगा गया है। चूंकि महाविद्यालयों में ग्रीष्म अवकाश चल रहा है तथा अनेक प्राध्यापक शहर से बाहर है इसलिए उन प्राध्यापकों को ऑनलाईन कार्यशाला का लिंक भेजकर कार्यशाला में जुड़ने हेतु निर्देशित किया गया हैं।