

भिलाई नगर, 26 मई। दुर्ग जिले की भीषण गर्मी में जहां पारा आसमान छू रहा है, चिलचिलाती तेज धूप मानों त्वचा को जला ही देगी। घर से धूप में बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में छत्तीसगढ़ आर्मी पब्लिक वेलफेयर फाउंडेशन ने अपने स्थापना दिवस पर आज पावर हाऊस अंडर ब्रिज के नीचे यात्रियों को ठंडा शरबत मुहैया कराया है।
आपको बता दें कि इस भीषण गर्मी और तेज धूप में जरा सी लापरवाही से लू लगने का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में शरीर को ठंडा रखने के लिए शरबत की अहमियत के मद्देनजर आर्मी पब्लिक वेलफेयर फाउंडेशन ने हर दुपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को रोक कर शरबत पिलाया, यात्रियों को बताया गया कि यह शरबत आपको गर्मी की चपेट से बचाने में मदद करेगा और शरीर हाइड्रेटेड रहेगा।

फाउंडेशन की प्रमुख सलाहकार श्रीमती नमिता हांडा ने बताया कि नवतपा के दिन शरबत लोगों को हीट स्ट्रोक के खतरे से बचाता है। शरीर को हाइड्रेट रखने के आलावा यह शरबत तुरंत एनर्जी देता है। आज फाउंडेशन के स्थापना दिवस पर इस भीषण गर्मी में अपने काम के चलते लोगों को तपती दोपहरी में सड़क पर निकलना पड़ता है, जिससे उन्हें राहत प्रदान करने सभी सदस्यों ने सुबह 11 बजे से शीतल शरबत का वितरण शुरू किया जो कि शाम तक जारी रहेगा।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ आर्मी पब्लिक फाउंडेशन के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह, उपाध्यक्ष विशाल देशमुख, सचिव विजय सिंह,कोषाध्यक्ष हरिश्चंद्र चौरसिया, गिरजेश सिंह, नंदकिशोर पांडेय, रजनीश सिंह, चंद्र मोहन, मोजेस कुमार, मनीष शर्मा, शिशुपाल सिंह, मोहित देवांगन, बीएन प्रजापति, प्रशांत वर्मा, शिवा सिंह सहित अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम में भागीदारी निभाई।
