सीजी न्यूज ऑनलाइन डेस्क 25 मई । लोकसभा चुनाव के तहत चार जून को होने वाली मतगणना की प्रशासनिक तैयारी तेज हो गई है। स्ट्रांग रूम से मतगणना कक्ष तक इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को लाने-ले जाने वाले रनर की अलग पहचान के लिए टी-शर्ट प्रदान किया जा रहा है। यह टी-शर्ट जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग तय किया गया है। डोंगरगढ़ के लिए टी- शर्ट का रंग पीला होगा। राजनांदगांव में सफेद, डोंगरगांव में हरा व खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के लिए टी-शर्ट का रंग नीला तय किया गया है। यह पहली बार होगा कि मतगणना में लगाए गए किसी भी कर्मचारी समूह को एक ही रंग के कपड़ों में रखा जाएगा। ताकि उनकी अलग पहचाना जा सके। ऐसा इसलिए किया जा रहा ताकि रनर को लेकर किसी तरह का असमंजस न रहे। उन्हें आसानी से पहचाना जा सके। इसे प्रशासन का नवाचार बताया जा रहा है। ईवीएम को लाने व वापस ले जाने के दौरान उनके साथ एक-एक अधिकारी भी रहेंगे जो उनकी निगरानी करेगा।
मतगणना स्थल स्टेट वेयर हाउस कार्पोरेशन बसंतपुर के गोदाम में लगभग सभी आवश्यक तैयारी कर ली गई है। रनर के साथ सहयोगी के रूप में तैनात किए जाने वाले चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी भी उसी रंग की टी-शर्ट में दिखेंगे। यानी ईवीएम वाले ट्रांग रूम में तैनात सभी कर्मचारी एक ही रंग के कपड़े में रहेंगे। हालांकि उसके बाहर यानी गणना कक्ष वाले कर्मचारी सामान्य कपड़े में ही होंगे।
चार जिलों वाले संसदीय क्षेत्र में विधानसभावार मतगणना संबंधित जिलों में ही की जानी है। बताया गया कि हर विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग कक्ष होंगे। वहां 14-14 टेबलों में ईवीएम के मतों की गिनती की जाएगी। डाक मतपत्रों की गिनती के लिए अलग कक्ष रहेगा। गणना के लिए तैनात सुपरवाइजर व गणना सहायकों को जारी किए जाने वाले पास का रंग भी अलग-अलग होगा। ताकि किसी ड्यूटी कहां है, यह जानने में आसानी हो।
गुरुवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने वहां तैयारी व व्यवस्था का निरीक्षण भी किया। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल ने बताया कि मतगणना की तैयारी की जा रही है। सभी आवश्यक व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों के साथ समन्वय बनाए रखने के लिए उन्हें वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचनाएं प्रदान की जा रही है। ईव्हीएम रनर की अलग पहचान के लिए टी-शर्ट प्रदान किया जा रहा है।
प्रशासन का नवाचार है ईवीएम रनर्स के लिए
खेमलाल वर्मा-, उप जिला निर्वाचन अधिकारी विधानसभावार अलग-अलग रंगों वाली टी-शर्ट रहेगी। ताकि उनकी पहचान विधानसभावार की जा सके। उनके साथ सहयोगी के रूप में तैनात कर्मचारी भी उसी ड्रेस कोड में होंगे। यह प्रशासन का नवाचार ही है।

