5 हजार नशीली टेबलेट एवं कैप्सूल के साथ पकड़ा गया आरोपी खुर्सीपार से लाकर नेवई क्षेत्र में करता था बिक्री
भिलाई नगर 24 मार्च । मुक्ति अभियान के तहत थाना नेवई , नारकोटिक्स टीम एवं सिविल टीम ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए तकरीबन 5000 नशीली टेबलेट एवं कैप्सूल जप्त किया है। पूर्व में थाना खुर्सीपार क्षेत्र में पकड़े गये नशे के सौदागरों से नशीली गोलियां लेकर क्षेत्र में बिक्री करता था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक नारकोटिक्स सेल का गठन कर जिले में अवैध नशा कारोबारियों एवं नशे के सौदागरों के विरूद्ध ऑपरेशन मुक्ति के तहत् लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है । इसी तारतम्य में मुखबीर से अवैध नशीली गोलियों की खरीदी बिक्री की सूचना नारकोटिक्स टीम को प्राप्त हुई थी ।
थाना प्रभारी नेवई निरीक्षक भारती मरकाम , निरीक्षक गौरव तिवारी नारकोटिक्स सेल , सिविल टीम , सायबर सेल के द्वारा आज नशे के अवैध कारोबारियों को खरीदी बिक्री करते हुये रंगे हाथ पकड़े जाने के लिए एक सुनियोजित योजना बनाकर संदिग्ध नशे के अवैध कारोबारियों पर सतत निगाह रखी जा रही थी । स्टेशन मरोदा निवासी नारायण साहू उर्फ नाथू कुछ लोगों को अवैध रूप से नशीले टेबलेट एवं कैप्सूल की बिक्री कर रहा है कि सूचना पर टीम द्वारा बिक्री के संभावित स्थान रंजना मेडिकल के पीछे स्टेशन मरोदा आस – पास उपस्थित पुलिस टीम के द्वारा घेराबंदी कर नशीले टेबलेट एवं कैप्सूल की भारी मात्रा में खरीदी बिक्री करते हुये पकड़ा गया । जिसके परिणाम स्वरूप पृथक – पृथक 5000 नग नशीले टेबलेट एवं कैप्सूल जप्त कर मौके पर कार्यवाही की गई । नशीली दवाईयों के स्त्रोत के संबंध में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस की प्राप्त हुई है जिसके आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। मामले में सउनि पूर्ण बहादूर, आरक्षक पंकज चतुर्वेदी , शहबाज खान , उपेन्द्र यादव , अनुप सिंह , जुगनू सिंह , समीम , पन्ने लाल एवं संतोष गुप्ता की भूमिका सराहनीय रही ।

