2000 करोड़ रुपये के घोटाले का केस सुप्रीम कोर्ट में रद्द, विपक्ष के निशाने पर ईडी, लगे गंभीर आरोप

2000 करोड़ रुपये के घोटाले का केस सुप्रीम कोर्ट में रद्द, विपक्ष के निशाने पर ईडी, लगे गंभीर आरोप


सीजी न्यूज ऑनलाइन डेस्क 09 अप्रैल । सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कहा कि ईडी का शर्मनाक राजनीतिक दुरुपयोग साबित हुआ और मोदी सरकार बेनकाब हुई. सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले से साबित हो गया है कि ईडी भाजपा के इशारे पर हर मामले को मनीलांडरिंग का मामला बनाकर विपक्षी दलों को बदनाम करने की साजिश रच रही है।


ईडी को सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में बड़ा झटका लगा. दरअसल, कथित रूप से 2000 करोड़ रुपये के छत्तीसगढ़ शराब घोटाले को ईडी सुप्रीम कोर्ट में साबित नहीं कर पाई. इसके बाद कोर्ट ने ईडी को झटका देते हुए पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा और उनके पुत्र यश के खिलाफ मामले को रद्द कर दिया.

ईडे के खिलाफ विपक्ष हमलावर

छत्तीसगढ़ में कथित 2000 करोड़ रुपये के शराब घोटाले के मामले में ईडी को लगे झटके के बाद ईडी के खिलाफ विपक्ष हमलावर हो गया है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजनांदगांव लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल ने ईडी की कार्रवाई को विपक्ष के खिलाफ साजिश करार दिया. उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ में पूर्ववर्ती सरकार के दौरान सामने आए कथित शराब घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले से यह उजागर हो गया है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) किस तरह से साजिश रच रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के इशारे पर विपक्षी दलों को निशाना बना रहा है.

भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगा ईडी पर

इस निर्णय के बाद बघेल ने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि ईडी जैसी केंद्रीय एजेंसियों की प्रतिबद्धता संविधान के प्रति होनी चाहिए, किसी राजनीतिक दल के प्रति नहीं. बघेल ने कहा कि ईडी का शर्मनाक राजनीतिक दुरुपयोग साबित होने के साथ ही मोदी सरकार बेनकाब हो गई है. शीर्ष अदालत के आज के फैसले से साबित हो गया है कि ईडी भाजपा के इशारे पर हर मामले को धन शोधन का मामला बनाकर विपक्षी दलों को बदनाम करने की साजिश रच रही है.”
“ईडी ने चुनाव में भाजपा को पहुंचाया फायदा”
बघेल ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के वक्त ईडी ने शराब घोटाले का मामला दर्ज कर भाजपा को चुनावी हथियार दिया. भाजपा ने पूरे चुनाव में कांग्रेस की सरकार को बदनाम करने की कोशिश की, लेकिन आज उच्चतम न्यायालय के फैसले से साफ हो गया है कि भाजपा सिर्फ झूठ फैला रही थी.

भाजपा ने किया एजेंसियों के दुरुपयोग -बघेल का आरोप

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फैसले ने भाजपा की केंद्र सरकार की ओर से लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को बदनाम करने के षड्यंत्र से पर्दा उठा दिया है. उन्होंने कहा कि यह सही समय है, जब ईडी जैसी जांच एजेंसियों को भी समझना चाहिए कि उनकी प्रतिबद्धता संविधान के प्रति होनी चाहिए, वे किसी राजनीतिक खेल का हिस्सा न बनें.”