कांग्रेस को बड़ा झटका : प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष ने छोड़ी पार्टी, समर्थकों के साथ भाजपा में हुई शामिल

कांग्रेस को बड़ा झटका : प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष ने छोड़ी पार्टी, समर्थकों के साथ भाजपा में हुई शामिल


सीजी न्यूज ऑनलाइन डेस्क, 05 अप्रैल । लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान एक के बाद एक कांग्रेस से वरिष्ठ नेताओं एवं सदस्यों का पार्टी छोड़ने का सिलसिला जारी है । इस बार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष व पूर्व महापौर वाणी राव ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है । उन्होंने पार्टी छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। रायपुर में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव ने उन्हें पार्टी कार्यालय में करीब एक दर्जन समर्थकों के साथ सदस्यता दिलाई।

चुनाव अभियान में तेजी लाने की कोशिश में लगी कांग्रेस को वाणी राव के दल बदलने से बिलासपुर क्षेत्र में दूसरा बड़ा झटका लगा है। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान ने भी कुछ दिन पहले कांग्रेस छोड़ दी थी और भाजपा की सदस्यता ले ली थी। वाणी राव प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। 2010 में वे बिलासपुर से महापौर चुनी गई थीं। सन् 2013 में उन्हें बिलासपुर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ाया गया था, जिसमें वे अमर अग्रवाल से करीब 16 हजार मतों से हार गई थीं। उस वक्त प्रदेश के सबसे अमीर उम्मीदवार में उनका नाम शामिल हुआ था। इसके पहले जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के गठन के बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी लेकिन करीब एक साल बाद ही वापस कांग्रेस में आ गई थीं।
वे प्रदेश के कद्दावर नेता व मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री रहे स्व. अशोक राव की बहू हैं। वे कांग्रेस की राजनीति में स्व. अर्जुन सिंह व उनके बेटे अजय सिंह के समर्थकों में गिनी जाती रही हैं। पिछले कुछ सालों से पार्टी के कार्यक्रमों में उन्हें कम देखा गया है। कांग्रेस शासनकाल के दौरान उन्हें उपेक्षा का सामना भी करना पड़ा।