साबुन फैक्ट्री सूरी उद्योग में लगी आग को बुझाने 17 घंटे से जारी प्रयास, 20 फीट ऊंचा स्ट्रक्चर जलकर खाक, साबुन केमिकल एवं प्लास्टिक पैकिंग ने दिया आगजनी का साथ
भिलाई नगर 31 मार्च । खुर्सीपार थाना क्षेत्र के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र स्थित साबुन फैक्ट्री सूरी उद्योग में कल रात 9:30 बजे से लगी भीषण आग 17 घंटे बाद भी पूरी तरह बुझ नहीं पाई है इस आगजनी की घटना में कंपनी का 20 फीट ऊंचे स्ट्रक्चर के एंगल, राड गल गए हैं। साबुन निर्माण के लिए कंपनी में रखा रॉ मैटेरियल आग को बढ़ाने में सहायक रहा । आज सुबह 7:30 बजे तक 6 दमकल वाहन लगातार पानी की बौछार करते रहे। कंपनी संचालक को भारी नुकसान की संभावना व्यक्त की गई है आग लगने का कारण ज्ञात नहीं हो सका है। आपातकालीन एवं अग्निशमन सेवा की पांच एवं भिलाई इस्पात संयंत्र की एक दमकल वाहन के अग्निशमन कर्मियों के द्वारा रात भर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। स्थल पर दोपहर तक एक वाहन तैनात है ।
खुर्सीपार थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि खुर्सीपार थाना क्षेत्र के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र स्थित सूरी उद्योग साबुन फैक्ट्री में आज रात 9:30 बजे के करीब आग लग गई थी। सूचना मिलते ही आपातकालीन अग्निशमन सेवा के दमकल वाहनों को आग पर काबू पाने के लिए भेजा गया। आग की लपटें इतनी भयानक थी कि काफी दूर से दिखाई दे रही थी। आग को नियंत्रित करने के लिए रात भर 6 दमकल वाहनों के द्वारा पानी की बौछार लगातार की गई । प्रत्येक दमकल वाहन के द्वारा कम से कम 5 फेरे लगाए गए सुबह 5:30 बजे लगभग आग बुझ चुकी थी। परंतु स्थल से हटते ही फिर से आग भड़क गई। तीन अग्निशमन वाहनों के साथ फिर से दमकल कर्मियों के द्वारा पानी की बौछार करके सुबह 9:30 बजे तक आग को बुझाया गया । इसके बाद से एहतियातन के तौर पर एक वाहन को स्थल पर रखा गया है। दोपहर 2:00 बजे तक आग को नियंत्रित किया जा सका । परंतु फिर से आग के भड़कने की संभावनाओं को देखते हुए एक वाहन अभी भी तैनात है । थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि फैक्ट्री के अंदर में साबुन बनाने के लिए अत्यधिक मात्रा में रो मटेरियल रखा हुआ था जिसके कारण केमिकल एवं साबुन पैकिंग की प्लास्टिक की सामग्री के कारण लगातार आग बुझने के बाद फिर से भड़क रही थी जिसके कारण रात भर अग्निशमन सेवा के कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा इस आगजनी की घटना में कंपनी का करीब 20 फीट ऊंचा स्ट्रक्चर जलकर खाक हो गया है ।
ऑक्सीजन प्लांट एवं केमिकल टैंक होने के कारण संवेदनशीलता क्षेत्र
थाना प्रभारी खुर्सीपार ने बताया कि सूरी उद्योग में लगी आग को गर्मी के मौसम एवं कंपनी में भंडारित साबुन बनाने का केमिकल एवं पैकिंग के प्लास्टिक सामग्री का साथ मिल रहा था। सूरी उद्योग की चारदीवारी से सटा बगल में ही ऑक्सीजन प्लांट स्थापित है। अग्निशमन कर्मियों की पहली प्राथमिकता आग को ऑक्सीजन प्लांट तक जाने से रोकना था । जिसमें सफल भी रहे । साथ ही कंपनी के ठीक सामने केमिकल से भरा हुआ एक टैंक भी रखा हुआ था। यदि आग इन दोनों ही तक फैलती तो स्थिति अनियंत्रित हो सकती थी। इन परिस्थितियों ने इस क्षेत्र को अति संवेदनशील बना दिया था । परंतु लगातार 17 घंटे के परिश्रम के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका जिसके कारण बड़ी दुर्घटना को टाला जा सका।

