सुपेला में नशेड़ियों ने महिला का सिर फोड़ा 🛑 उसके भाई को बुरी तरह मारा 🛑 रात में ही थाना घेरा

सुपेला में नशेड़ियों ने महिला का सिर फोड़ा 🛑 उसके भाई को बुरी तरह मारा 🛑 रात में ही थाना घेरा



भिलाई नगर, 21 मार्च।‌ सुपेला थाना क्षेत्र में कल रात कुछ नशेड़ी युवकों ने डेली नीड्स की दुकान चलाने वाली महिला को बुरी तरह मारा। घायल महिला का सिर फट गया और उसे 6 टांके लगे हैं। सुपेला पुलिस महिला को लहूलुहान हालत में अस्पताल ले गई, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
सुपेला थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि घायल महिला का नाम अमीना बेग है, वह गवर्नमेंट स्कूल चिंगरीपारा सुपेला के पास डेली नीड्स की दुकान चलाती है। महिला ने बताया कि मोहल्ले के लड़के रजत कुमार और राजन अपने दोस्तों के साथ बैठकर वहीं बैठ गांजा और दारू पीते हैं और आए दिन झगड़ा करते हैं।
कल रात महिला अपनी दुकान पर थी, इसी दौरान रजत नशे की हालत में आया और कहने लगा कि तुमने मेरे भाई को क्या बोला। महिला बोली वो दुकान बंद कर रही है, कल बात करेंगे। इस पर वो उससे झगड़ा करने लगा। महिला ने पुलिस को बुलाने की धमकी दी तो रजत ने फोन कर राजन और अपने अन्य दोस्तों को बुला लिया। इसके बाद उन लड़कों ने लाठी-डंडे से महिला और उसके भाई से मारपीट की। सिर पर डंडा लगने से महिला का सिर फट गया। खुर्सीपार से आए उसके भाई को भी चोट आई है। महिला अपने भाई और भाभी के साथ सुपेला थाने शिकायत करने पहुंची थी। महिला को तुरंत इलाज के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला भेजा गया वहां उसे 6 टांके लगे हैं।‌
आपको बता दें कि घायल महिला के थाने पहुंचते ही पीछे से आरोपी पक्ष से भी बड़ी संख्या में उनके परिजन और दोस्त पहुंच गए। उन्होंने थाने में दबाव बनाने की कोशिश की। बड़ी संख्या में लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। इसके बाद थाना प्रभारी ने सभी लोगों को थाने से बाहर निकाला। उनका कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसमें जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।