बाइक अनियंत्रित होकर गड्डे में गिरी, दुर्घटना में 3 किशोरों की मौत

बाइक अनियंत्रित होकर गड्डे में गिरी, दुर्घटना में 3 किशोरों की मौत


बाइक अनियंत्रित होकर गड्डे में गिरी, दुर्घटना में 3 किशोरों की मौत

बिहार, 5 अप्रैल। नालंदा में भयानक सड़क हादसा में 3 किशोरों की मौत हो गई है। घटना राजगीर थाना इलाके की है। बताया जा रहा है कि तीनों नाबालिग सोमवार की देर शाम बाइक से आयुध फैक्ट्री की ओर जा रहे थे। कहुआरा मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार से ट्रक ने चकमा दिया, जिससे बचने के लिए बाइक सवार ने कट मारी। इस दौरान उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गड्डे में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि दो युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक किशोर को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती करवाया लेकिन उसकी स्थिति गंभीर होने की वजह से उसे पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया गया, यहां इलाज के दौरान उसकी भी अलसुबह मौत हो गई। तीनों युवक की पहचान रामहरि पिंड गांव निवासी बिहारी चंद्रवंशी का पुत्र आदित्य कुमार, इसी गांव के रहने वाले मेश राजवंशी का पुत्र रोशन कुमार और सतेंद्र राजवंशी का पुत्र दुलारचंद कुमार के रुप में हुई है। आदित्य की उम्र 18 साल थी जबकि रोशन कुमार 17 और दुलारचंद्र अभी महज 15 साल का ही था। मौत के बाद परिजनों में हाहाकार मच गया। उनका रो-रो कर बुरा हाल है, गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का कहना है कि तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले और ट्रक चालक की गिरफ्तारी करे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बारे में पुलिस ने बताया है कि तीनों लड़कों की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।