भिलाई नगर, 16 मार्च। वैशाली नगर के ट्रांगुलर पार्क में कल रात लगभग 8 बजे एक लवर ब्वॉय अपनी फ्रेंड के साथ घुसा। इस दौरान पार्क के आसपास कई लोग वाक कर रहे थे। इस जोड़े की संदिग्ध हरकतें देख कुछ लोग पार्क से निकलने विवश हो गए। पार्क से लगे घरों के लोग भी पार्क में इस अनजान जोड़े की मौजूदगी और इनकी असहज हरकतें देख आपत्ति जताते हुए वैशाली नगर पुलिस को फोन कर दिया।
पुलिस की आमद से पूर्व ही यह जोड़ा पार्क से निकल भागा। पुलिस आई और बैरंग लौट गई। पुलिस के जाते ही पार्क में प्रेम लीला करने वाला युवक उसी क्षेत्र में अपनी गैंग के सात फिर आ धमका और आपत्ति करने वालों के घर के सामने जमघट लगा ये लोग सिगरेट के कश लगाते काफी देर बैठे रहे। इस दौरान घरों में पत्थर और लकड़ी फेंक दहशत फैलाने का भी प्रयास किया गया। पार्क के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर वैशाली नगर पुलिस इस गैंग को सरगर्मी से तलाश रही है। थाना प्रभारी ममता अली शर्मा ने बताया कि पार्क और आस पास के क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। चौक चौराहों पर फुटेज के आधार पर इन लड़कों की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।

