अवैध खदान पर प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई 🟠 एक चैन माउंटेन और 2 हाइवा जब्त

अवैध खदान पर प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई 🟠 एक चैन माउंटेन और 2 हाइवा जब्त



भिलाई नगर, 15 मार्च। छत्तीसगढ़ के बालोद जिला अंतर्गत गुरुर ब्लॉक के ग्राम भैंसमुंडी अलोरी महानदी में संचालित अवैध खदान से एक चैन माउंटेन और दो हाइवा को जब्त किया गया है। खबर मिली है कि पिछले लगभग 10 दिनों से यहां पर अवैध खनन किया जा रहा था। सूचना पर राजस्व और खनिज विभाग की अलग-अलग टीम ने दबिश देकर ​​​​​​देर रात कार्रवाई की।
मौके पर दबिश देने वाली टीम में वरिष्ठ खनिज अधिकारी दीपक मिश्रा, खनिज निरीक्षक शशांक सोनी शामिल थे। देर रात खदान में इस छापा मार कारवाई के बाद सैंकड़ों हाइवा रेत भरने के लिए सड़क पर खड़े रहे। लगभग 2 बजे सभी हाइवा को वापस भेजा गया।
आपको बता दें कि जिस खदान में संयुक्त टीम ने दबिश दी वहां रोजाना 70 से 100 गाड़ियां लगती हैं। यहां काफी लंबे समय बाद खनिज विभाग ने कार्रवाई की है। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष पवन साहू ने कहा कि खदान संचालित होने की जानकारी मिल रही थी, जो लोग सरकार को बदनाम कर रहे हैं खदान संचालित कर, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। हम प्रशासन से कार्रवाई करने के लिए चर्चा करेंगे। ये विष्णु देवसाय की सुशासन वाली सरकार है यहां अवैध काम संचालित करने वालों को शह नहीं दिया जाना चाहिए।