सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 14 मार्च। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद इलाके में एक व्यक्ति के पास से पुलिस ने 18 लाख रुपए जब्त किया है। उसके द्वारा कार में रूपये लेकर रायपुर की ओर जाते समय नेशनल हाइवे पर एंटी क्राइम यूनिट और मंदिर हसौद थाने की टीम ने चेकिंग के दौरान उसे पकड़ा है।
रायपुर पुलिस लोकसभा चुनाव को लेकर शहर के कई सड़कों पर चेकिंग अभियान चला रही है। इस दौरान मंदिर हसौद पुलिस ने टोल नाके के पास एक कार आते देखी। पुलिस कर्मियों ने उसमें सवार व्यक्ति को रुकवाया। उनसे पूछताछ की। उसने खुद की पहचान दीनू अग्रवाल बताई। उसने बताया कि वो रायपुर की तरफ जा रहा है। पुलिस में इनके पास मौजूद कार की चेकिंग की, तो उसमें 18 लाख रुपए नगद रखे थे। पुलिस ने इन रूपयों से जुड़े कागजात की मांग की तो उनके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। साथ ही वो इन पैसों को लेकर पुलिस को गुमराह कर रहे थे। पुलिस ने इन रुपयों को जब्त कर लिया है। इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आपको बता दें कि रायपुर के मंदिर हसौद पुलिस को ही दो दिन पहले 10 लाख रुपए भी चेकिंग के दौरान बरामद हुआ था। पैसों के साथ तीन महासमुंद सरायपाली के रहने वाले व्यापारी मिले थे। उनके पास भी पैसों को लेकर कोई वैध दस्तावेज नहीं थे।

