पक्षियों को दाना पानी उपलब्ध कराने साईं विद्या भवन स्कूल ने शुरू की मुहिम, स्टूडेंट्स ने बांटे सकोरे , पक्षियों को बचाने का लिया संकल्प,
दुर्ग 8 अप्रैल । भीषण गर्मी में आसमान से आग बरस रही है। गर्मी में मानव हो या फिर पशु-पक्षी सभी को ठंडे जल की तलाश रहती है। लोगों के लिए तो जगह-जगह प्याऊ व नल के साथ ही पानी की उचित व्यवस्था मिल ही जाती है, लेकिन पक्षियों को पानी के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ता है। ऐसे में लोगों की जिम्मेदारी है कि वे पक्षियों के लिए दाना व पानी की उचित व्यवस्था करें, ताकि खुले आसमान और धूप में विचरण करने वाले पंछियों को राहत मिल सके।

जिला कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे के अपील के बाद शहर में पक्षियों के लिए जगह जगह दाना-पानी की व्यवस्था कराई जा रही है। इसी कड़ी के तहत ओम साईं विद्या भवन इंग्लिश मीडियम स्कूल हरी नगर के बच्चों ने जहां पक्षियों के लिए दाना और प्यास बुझाने के लिए पानी सकोरों में रखने का संकल्प लिया, वहीं आसपास के लोगो को भी प्रेरित किया कि वे अपने घरों की छतों, दफ्तरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी कम से कम पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था कराने का काम करें। स्कूल के डायरेक्टर पी सरकार ने इस कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए बच्चों के प्रयास की सराहना की और पक्षियों के लिए दाना और पानी की व्यवस्था करने के लिए लोगों को प्रेरित किया। इस अवसर पर स्कूल के एचएम रीना साहू, शिक्षिकाएं बी संगीता, काजल देवांगन, कोमल दीप कौर, राजेश्वरी जांगड़े, मीता त्रिपाठी, अमनप्रीत कौर, रूपाली सरकार, राजेश्वरी हरडे, अलका आदि शामिल रहे।

