दुर्ग 18 फरवरी । शासकीय स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र सांकरा के रिजनल हेल्थ ऑफिसर को जिला नर्सिंग होम एक्ट नोडल अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला एवं टीम के द्वारा और असंवैधानिक रूप से क्लीनिक चलाते हुए रंगे हाथों कल पकड़ा गया। तत्काल क्लीनिक को बंद कर सील किया गया। दोषी सरकारी अफसर ने भविष्य में क्लीनिक संचालित नहीं करने लिखित में देकर टीम को आश्वस्त किया है।

जिला नर्सिंग होम एक्ट नोडल अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने बताया कि पाटन विकासखंड के ग्राम सांकरा स्थित हेल्थ वेलनेस सेंटर में रिजनल हेल्थ ऑफिसर के पद पर पदस्थ चितरंजन सोनकर के द्वारा क्लीनिक ग्राम भोथली विकासखंड पाटन में संचालित किया जा रहा है। इसके पूर्व भी स्थानीय स्तर पर बीएमओ के द्वारा नोटिस दिया गया था। परंतु इस नोटिस की अनदेखी करते हुए हेल्थ अफसर के द्वारा असवैधानिक रूप से क्लीनिक का संचालन किया जा रहा था। जिस पर से डॉक्टर शुक्ला एवं उनकी टीम के द्वारा कल ग्राम सांकरा पहुंचकर देखा कि हेल्थ अफसर चितरंजन सोनकर के द्वारा क्लीनिक का संचालन किया जा रहा है। जिस पर से तत्काल कार्यवाही करते हुए क्लिनिक को बंद करके सील किया गया एवं भविष्य में इस प्रकार से क्लिनिक का संचालन नहीं करने के लिए दोषी चितरंजन सोनकर से लिखित में लिया गया । डॉ शुक्ला ने बताया कि RHO के पद पर रहते हुए HWC सांकरा में शासकीय नौकरी करते हुए प्रतिदिन अवैध क्लिनिक का सुबह – शाम संचालन किया जा रहा था।

इसके पश्चात टीम के द्वारा पाटन विकास खंड में रामा होम्योपैथिक क्लिनिक न्यू बस स्टैंड पाटन एवं तुलसी आयुर्वेदिक जड़ी बूटी क्लिनिक न्यू बस स्टैंड पाटन का निरीक्षण किया गया। जिसमें इनके द्वारा भी अवैध रूप से बिना किसी निर्धारित योग्यता व डिग्री के क्लीनिक का अवैध संचालन किया जा रहा था, सभी को तत्काल बंद कर सभी क्लीनिक को सील किया गया एवं भविष्य में कभी क्लीनिक नहीं खोलने की चेतावनी दी गई ।

इसके अतिरिक्त महिमा एक्स-रे केंद्र पाटन, महिला अस्पताल उतई, मां शारदा क्लीनिक एवं डायग्नोस्टिक पाटन एवं शिवम हॉस्पिटल स्टेशन रोड दुर्ग का निरीक्षण किया गया जिसमें सभी दस्तावेज पूर्ण पाए गये।

