भिलाई नगर, 12 फरवरी। वैशाली नगर विधानसभा के बैकुंठ नगर में कक्षा बारहवीं के छात्र की हत्या की घटना से आहत वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने कड़े शब्दों में ऐसे अपराध कारित करने वाले आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
बैकुंठ धाम के रघुनंदन वंदन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने आमसभा को सम्बोधित करते हुए कहा था कि शिवम साव के हत्यारों के घर पर बुलडोजर चलेगा। वैशाली नगर विधानसभा में अब किसी लड़की से छेड़छाड़ की घटना हुई, कोई भी अपराध करने वाला यदि नशे में मिला, एक भी चाकूबाजी की घटना हुई तो अपराधी ये जान लें कि अब उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। आजकल 14 से 25 साल के युवा कैंप क्षेत्र में नशीली दवाओं का सेवन कर चाकूबाजी और अन्य बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उनके परिजन भी ऐसे अपराधों में उनका साथ दे रहे हैं, ऐसे लोग समझ लें कि यदि अपराध की ओर आप अपने बच्चों को प्रोत्साहित कर रहे हैं तो यह भी तय है कि आपने जो घर बनाया है वह भी अवैध निर्माण और कब्जायुक्त होगा, जल्द ही ऐसे मकान चिन्हित कर उन पर बुलडोजर चलवाने की कार्रवाई की जायेगी। अपराधी जान लें कि भले वो नशे की हालत में अपराध कर रहा है लेकिन इसका दुष्परिणाम यह भी है कि कहीं न कहीं वो अपने माता पिता और अपने बच्चों के सिर से छत भी छीन रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई होगी।

भिलाई निगम के जोन-3 कार्यालय ने हत्या के आरोपियों के परिवार को 8 फरवरी को पुनः नोटिस भेज बताया था कि उनके द्वारा प्रस्तुत किए गए भू-स्वामित्व संबंधित दस्तावेज की जांच हेतु प्राधिकृत अधिकारी को प्रेषित किया गया था, अतिरिक्त तहसीलदार भिलाई नगर के अनुसार आबंटित पट्टे की भूमि 19.40 वर्गमीटर एवं 72 वर्गमीटर अतिरिक्त अवैध कब्जा/निर्माण पाया गया है। इनके द्वारा संतोषी पारा, वार्ड क्रमांक-33 केम्प-2 भिलाई में आबंटित पट्टा भूमि से 72 वर्गमीटर अतिरिक्त निगम आधिपत्य की भूमि पर अवैध कब्जा/निर्माण किया गया है। इस अवैध कब्जा/निर्माण को 3 दिनों के भीतर स्वयं से हटाकर अधोहस्ताक्षरकर्ता को सूचित करने कहा गया था। कल यह मियाद पूरी होने के बाद आज नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 के तहत बेदखली कार्यवाही की जानी थी नतीजतन आज निगम तोड़ फोड़ दस्ता सुबह साढ़े 10 बजे मौके पर पहुंचा और अवैध निर्माण ढहा दिया गया है।

