– संतोष मिश्रा –
भिलाई नगर, 05 फरवरी। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला अंतर्गत भिलाई के खुर्सीपार निवासी जोगी दीपिका पिछले 8 महीने से अरबी प्रायद्वीप के पूर्व-दक्षिण में स्थित एक मुस्लिम देश ओमान में है। ओमान में अपनी मालकिन हफीजा के चंगुल से निकल कर वह जैसे तैसे आज मस्कट स्थित इंडियन एम्बेसी पहुंच गई है।
इंडियन एम्बेसी से ही उसने “CGNewsonline” को बताया कि मई 2023 में उसे खुर्सीपार के एक व्यक्ति से खाना बनाने के लिए विदेश में जाब दिलाने वाली एजेंसी का पता लगा। हैदराबाद की यह एजेंसी पूर्व में भी कुछ महिलाओं को जाब दिलवा चुकी थी। एजेंसी को जैनब और अब्दुल संचालित करते हैं। 120 रियाल (इंडियन करेंसी में लगभग साढ़े 25 हजार रूपये) मंथली सैलरी पर घर में बतौर कुक उसे काम दिलाने की बात कही गई। 24 मई 2023 को वह हैदराबाद एयरपोर्ट से जब मस्कट के लिए निकली तो टूरिस्ट वीजा होने और फ्लाईट कैंसल होने से उसे रोक दिया गया। इसके बाद एजेंसी की जैनब ने उसकी बात फोन पर ओमान की हफीजा से करवाई। हफीजा ने उन्हें हैदराबाद से कोच्चि आने कहा।

कोच्चि में दूसरे तरीके से वह मस्कट टूरिस्ट वीजा पर पहुंची। दीपिका के साथ जैनब और कुछ अन्य महिलाएं भी थीं। यहां टूरिस्ट वीजा को वर्किंग वीजा में बदलवाकर सभी को अलग अलग परिवारों में कुकिंग के लिए भेजा गया। हफीजा का ओमान में घर है जहां वह अपने 9 बच्चों के भरे पूरे परिवार के साथ रहती है। जोगी दीपिका ने बताया कि कुकिंग के साथ ही उस पल घर की सफाई सहित अनेक थोप दिए गए। चूंकि यह जाब कांट्रेक्ट बेस था, उसे दो वर्ष तक जाब के लिए अपाइंट किया गया था नतीजतन वह सभी काम न चाहते हुए भी करती रही। जून महीने से दिसंबर 2023 तक उसके इंडियन खाते में साढ़े 25 हजार रूपये आते रहे। इस बीच हफीजा का अपनी बहू से घरेलू विवाद हुआ और इस विवाद का ठिकरा परिवार ने दीपिका के सिर फोड़ा नतीजतन उसे टार्चर किया जाने लगा तो उसने जाब छोड़ने की पेशकश की। तब हफीजा ने उसके फोन के लिए वाई फाई करने कनेक्शन और इंडिया कांटेक्ट के सभी साधनों और उसके घर से निकलने पर प्रतिबंध लगा दिया। एक दिन मौका मिलते ही उसने विडियो और वाइस काल से पति जोगी मुकेश को जानकारी दी।
जोगी मुकेश को भी एम्बेसी से आज शाम दीपिका ने कांटेक्ट कर अपने ठीक होने की जानकारी दी। उसने पति मुकेश और पीएम मोदी से उसे भारत बुलवाने की अपील की है।

मुकेश ने बताया कि उसके 4 वर्ष और 7 वर्ष दोनों बच्चे पिछले 8 महीने से खुर्सीपार भिलाई में मुकेश के साथ रहते हैं। पहले विडियो वाट्सअप काल पर हर रोज उनकी बात होती थी लेकिन दिसंबर बाद अचानक परिस्थितियां बदल गईं। हफीजा के बेटे ने दीपिका से मारपीट की और जनवरी महीने की सैलरी नहीं दी। मुकेश ने जब हफीजा को फोन किया तो उसने गाली गलौज कर स्पष्ट कह दिया कि दीपिका को वापस ले जाना चाहते हो तो तीन लाख भेजो क्योंकि उतना हमने उस पर खर्च किया है, रूपये नहीं दिए तो वह दीपिका को बतौर नौकरानी किसी दूसरे को बेच कर रूपये वसूल करेंगे।

आज “CGNewsonline” में दीपिका के ओमान में बंधक होने की खबर और मदद का वायरल वीडियो को देख कलेक्टर दुर्ग ने मुकेश से सम्पर्क कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। मुकेश ने हफीजा के धमकी भरे काल की रिकार्डिंग सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज जो उसके पास थे, पुलिस विभाग और शासन को सौंप दिया है। उसे वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने भी आश्वस्त किया है कि प्रशासन की ओर से विदेश मंत्रालय को खबर कर जल्द दीपिका को भारत लाए जाने के प्रयास होंगे। जोगी मुकेश ने प्रधानमंत्री मोदी से अपनी पत्नी की सकुशल भारत वापसी की अपील की है।

